अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सदर थाना पुलिस ने बरवाला के एक टेंट हाउस मालिक की शिकायत पर रेप का केस दर्ज करवाने का भय दिखाकर दो लाख रुपये ऐंठने वाले गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके साथ एक युवती और कुछ अन्य लोग भी हैं, जो फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पकड़े गए अभियुक्त गांव मंगाली निवासी रमेश और गंगवा निवासी सुनील हैं। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में बरवाला के टेंट हाउस मालिक सतीश ने बताया कि उसके पास 22 जुलाई को किसी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि गंगवा के पास एक होटल के नजदीक टेंट लगवाना है और वहां आकर जगह देख जाओ। वह दोपहर ढाई बजे वहां पहुंचा। वहां पर रावतखेड़ा गांव का बिंद्र खड़ा हुआ था, जो मुझे होटल में ले गया। वहां पर एक युवती और चार-पांच युवक बैठे हुए थे। कुछ देर बातचीत की और बाद में मेरे साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जब पूछा तो उन्होंने कहा कि तुमने युवती के साथ छेड़छाड़ की। फिर उन्होंने मुझे मेरी गाड़ी में जबरन बैठाया और बोले, चार लाख रुपये का इंतजाम करो, नहीं तो रेप केस में फंसवा देंगे। फिर मुझे बरवाला ले गए और चाकू दिखाकर रुपये की मांग की। डर के मारे दो लाख रुपये किसी से मंगवाकर बिंद्र को दे दिए। रुपये लेने के बाद उन्होंने छोड़ दिया और कहा कि बाकी के दो लाख रुपये जल्द दे देना। दो दिन बाद फिर कॉल आई और फिर उन्होंने आठ लाख रुपयों की मांग की। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस ने बिछाया जाल
सतीश के पास 25 जुलाई को उन्होंने फिर कॉल कर दी। उन्होंने इस बार आठ लाख रुपये मांगे। उन्होंने कॉल कर कहा कि वे रुपये लेकर फव्वारा चौक पर आ जाए। उसने मना कर दिया। फिर उन्होंने रेप में फंसाने की धमकी दी। फिर उन्होंने कॉल कर कहा कि वह रुपये लेकर नई सब्जीमंडी के गेट नंबर दो पर आ जाए। इस पर वह डर के मारे 50 हजार रुपये लेकर बरवाला से चल दिया। वह सीधे सीआईए टू थाने में पहुंच गया। उसने आपबीती बताई। पुलिस ने तुरंत प्रभाव से एक टीम गठित की और जाल बिछा दिया। प्लानिंग के अनुसार शिकायतकर्ता सतीश ने सुनील और रमेश को 50 हजार रुपये पकड़ा दिए। पुलिस ने तुरंत उन्हें दबोच लिया।
कई लोगों को ले चुके झांसे में
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में अब तक सुनील, रमेश ने कबूल किया है कि वे इस तरह कई लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। वे लड़की का असल नाम भी नहीं बता रहे। पुलिस उनसे पूछताछ में जुटी है।
टेंट मालिक से रेप का केस दर्ज करवाने का भय दिखाकर दो लाख हड़पने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें दो दिन के रिमांड पर लेकर गिरोह में शामिल युवती, दो अन्य के बारे में पूछताछ की जा रही है। इन सभी लोगों के खिलाफ सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया गया है।
- भूप सिंह, एएसआई सीआईए टू
गिरोह के दो लोग गिरफ्तार, युवती फरार