अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
डोगरान मोहल्ला में तीन ठग शनिवार दोपहर को हरदेवी (59) से लॉटरी निकालने का झांसा देकर सोने का दो तोले का कड़ा और एक अंगूठी ठगकर फरार हो गए। ठगे गए जेवरात की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
डोगरान मोहल्ला निवासी जोगिंद्र कुमार शहर में भगत सिंह चौक पर बंटी ट्रेडर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। उनकी पत्नी हरदेवी शनिवार को एक बजे किसी की रस्म क्रिया में शामिल होकर लौट रही थी। जोगिंद्र कुमार ने बताया कि घर से 50 मीटर दूरी पर बाइक पर एक युवक और करीब 55 साल का एक बुजुर्ग आए। उसके बाद एक और युवक स्कूटी पर आ गया। एक युवक ने हरदेवी को पुकारा, उन्होंने अनसुना कर दिया। फिर उसने दोबारा आवाज लगाकर कहा कि वह अनाथाश्रम से आया है। वह पास आ गया और बुजुर्ग भी पास आ गया। युवक ने हरदेवी से कहा लॉटरी ले लो, उन्होंने मना कर दिया। दूसरी बार कहने पर लॉटरी के दो टुकड़े ले लिए। तीसरे युवक ने पास आकर कहा कि आपकी 19-19 हजार रुपये की दो लॉटरी निकली हैं। आप हमें 40 हजार रुपये दे दो, हम आपको डेढ़ लाख रुपये दे देंगे। वे बातों में उलझाकर हरदेवी का सोने का कड़ा व अंगूठी ठगकर फरार हो गए। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
सेक्टर-13 और पटेल नगर में भी हुई वारदात
इस तरह की वारदात सेक्टर-13 और पटेल नगर में भी हो चुकी हैं। पटेल नगर में 15 दिन पहले तीन ठग एक स्कूटी पर आए थे और वृद्धा लाजवंती के सोने के तीन तोले के छह कंगन ठगकर फरार हो गए थे। इसी तरह तीन ठग सवा महीने पहले सेक्टर-13 में सेक्टर 16-17 की वीना मेहता के जेवरात ठगकर फरार हो गए थे। उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।