हिसार। मानसिक रूप से परेशान एएसआई राकेश कुमार ने लघु सचिवालय में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया और पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने खुद को अपनी मौत का जिम्मेदार लिखा है।
मामले के अनुसार हांसी शहर थाने में तैनात एएसआई राकेश कुमार ने लघु सचिवालय में खजाना कार्यालय के समीप सीढ़ियों पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह उसका शव फंदे पर लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को मृतक की जेब से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें उसने मौत के लिए स्वयं को जिम्मेदार ठहराया। राकेश कुमार सिंघरान गांव का रहने वाला था और फिलहाल जवाहर नगर में रह रहा था। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था, जिससे मानसिक रूप परेशान रहता था। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
यह लिखा सुसाइड नोट में
सुसाइड नोट में राकेश कुमार ने लिखा है कि वह हांसी शहर थाने में तैनात है व शारीरिक रूप से बीमार है। बीमारी के कारण उससे तकलीफ सहन नहीं हो रही है। मौत के लिए वह स्वयं जिम्मेदार है। इसमें उसने अपनी मोटरसाइकिल हांसी शहर थाने में खड़ी होने का भी जिक्र किया है। साथ ही उसने लिखा है कि उसकी बाइक और थाने वाली अलमारी की चाबी उसकी अटैची में पड़ी है। राकेश कुमार ने सुसाइड नोट में यह भी लिखा है कि उसके अस्पताल के बिल भी अटैची में हैं, जो राकेश हवलदार से कहकर पास करवा लें।