बहल। एक दुर्घटना में घायल दो लोग एंबुलेंस के इंतजार में करीब डेढ़ घंटे तक तड़पते रहे। बाद में लोहारू से जब एंबुलेंस आई तब उनको यहां से ले जाया गया। बहल युवा एकता संगठन ने इसे सरकार व प्रशासन की बहल क्षेत्र के लोगों की अनदेखी बताते हुए बहल में एंबुलेंस की तत्काल सुविधा देने की मांग की है।
सोमवार को खरखड़ी गांव के जोगेन्द्र व रामपाल बहल में किसी शादी समारोह में शरीक होने आए थे। शाम करीब 5:45 पर वे बहल से खरखड़ी के लिए स्कूटी पर चले थे कि स्टेडियम के पास ब्रेकर पर स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और सड़क सड़क पर गिर गए। जिससे दोनों व्घायल हो गए। लोगों ने उनको आनन फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए रेफर कर दिया। लेकिन, एंबुलेंस की सुविधा न होने के कारण दोनों व्यक्ति अस्पताल में ही तड़पते रहे। बहल युवा एकता संगठन के सदस्यों ने पहले 108 नंबर पर फोन किया, जो नहीं लगा। बाद में युवाओं ने कंट्रोल रूप में फोन किया तो बताया गया कि लोहारू से एंबुलेंस को भेजा गया है। घटना के करीब डेढ़ घंटा बाद एंबुलेंस आई तो मरीजों को लोहारू भेजा गया।
बाद में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर युवा योगेश शर्मा व अन्य युवाओं ने कहा कि वे लंबे समय से एंबुलेंस सुविधा की मांग उठाते रहे हैं। लेकिन, उनको हर बार आश्वासन दिया गया है। पिछले कुछ दिन पहले एंबुलेंस आ गई थी लेकिन जिस दिन सीएम का भिवानी दौरा था उस दिन उसे भिवानी ले जाया गया था। उसके बाद बहल में एंबुलेंस नहीं पहुंची है।