अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
पुलिस का स्पेशल स्टाफ ठगी के आरोपी कैथल निवासी राजेश प्रजापति और जसपाल उर्फ जस्सू सैनी को रिमांड के दौरान रविवार को जींद में ले गया था। पुलिस ने वहां गुप्ता कॉलोनी के एक कमरे से सोने का एक कंगन बरामद किया है। पुलिस ने दो नवंबर को दोनों का चार दिन का रिमांड हासिल किया था।
पुलिस के स्पेशल स्टाफ की टीम रविवार को जींद में गई थी और वहां की मेन मार्केट में चार ज्वेलर्स से पूछताछ की। चारों ज्वेलर्स ने दोनों आरोपियों को पहचानते हुए कहा कि ये लोग कंगन बेचने आए थे, लेकिन किसी ने जेवर खरीदे नहीं थे। उसके बाद ये लोग लौट गए थे। पुलिस आरोपी राजेश और जसपाल उर्फ जस्सू को साथ लेकर गई थी। उसके बाद पुलिस ने कड़ाई से दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने वहां गुप्ता कॉलोनी के एक कमरे से सोने का एक कंगन बरामद कराया। दोनों ने बताया कि यह कंगन उन्होंने हिसार की एक महिला से ठगा था।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी
पुलिस के स्पेशल स्टाफ के एसआई महेंद्र सिंह और अन्य की टीम ने जींद की मार्केट के सीसीटीवी खंगाले। उनमें ठगों की तस्वीरें कैद हैं। पुलिस ने वहां की फुटेज खंगाली। बाद में पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर लौट आई। उनका रिमांड बुधवार को खत्म होगा।
दोनों ने 17 वारदात स्वीकारी
पुलिस ने 10 दिन पहले सूचना मिलने पर बरवाला के पास छापा मारकर कैथल के राजेश प्रजापति को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के आधार पर उसके साथी जसपाल को कैथल में छापा मारकर पकड़ा था। दोनों ठगों ने हिसार में आठ वारदात करना स्वीकार किया है। इसके अलावा उन्होंने जिले से बाहर की नौ और वारदात स्वीकारी हैं।