धमकी और प्रताड़ना से खौफजदा पंच ने खाया जहर
भिवानी। पुलिस की ढीली कार्रवाई और गांव के कुछ लोगों की धमकियों और प्रताड़ना से परेशान होकर गांव बामला के पंच ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इजाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल पंच की हालत स्थिर बताई जा रही है। पंच ने जहर खाने से पहले लिखे नोट में कहा कि प्लॉट को लेकर गांव के कुछ लोगों ने उसका जीना हराम कर दिया है। मंगलवार तक इन लोगों ने गांव छोड़ने का अल्टीमेटम दिया था। प्रशासन को भी शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सोमवार सुबह जहर के प्रभाव के बाद बामला गांव के पंच सुरेंद्र सोनी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पंच के भाई नरेंद्र ने बताया कि प्लॉट को लेकर सुरेंद्र ने कोर्ट में केस कर रखा है। दूसरा पक्ष पिछले काफी दिन से कोर्ट केस उठाने के लिए दबाव बनाए हुए है। सुरेंद्र ने उनके दबाव और खौफ की वजह से ही जहर खाया है। तीन दिसंबर को इन्हीं लोगों ने गांव छोड़ने का फरमान सुनाया था, इसके बाद से ही सुरेंद्र तनाव में था और बुधवार सुबह जहर खा लिया। खरक पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस घटना की सूचना मिली है। सुरेंद्र सोनी के बयान कलमबद्ध करने के लिए जांच अधिकारी को अस्पताल में भेजा है।
--
पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
जहर खाने से पहले लिखे अपने हस्ताक्षरित नोट में पंच सुरेंद्र सोनी ने गांव के बारह लोगों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। सुरेंद्र ने लिखा है कि इन लोगों के खिलाफ शिकायत दी, लेकिन प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया। इसलिए कार्रवाई नहीं हुई कि यह सभी लोग एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं और अफसरों से अच्छे संपर्क हैं। प्लॉट को लेकर कोर्ट में दर्ज केस को उठवाने के लिए गांव के ही कुछ लोगों ने मेरे और परिवार पर अनुचित दबाव बना रहे हैं। इन लोगों ने जान से मारने की धमकी भी दी। गत 19 नवंबर को मेरे घर में घुसकर पत्नी से मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया। इस बारे में 21 नवंबर को सीएम विंडो और एसपी को शिकायत दी, लेकिन खरक पुलिस चौकी वालों ने कार्रवाई नहीं की। तीन दिसंबर को इन लोगों ने उससे गाली-गलौच की और धमकी दी कि गांव में रहा तो तेरे व तेरे परिवार के साथ कुछ भी घटना हो सकती है। पंच सुरेंद्र ने फरमान सुनाने वाले 12 लोगों के नाम भी लिखे हैं।
शाम को पुलिस को सूचना मिली। पुलिस बयान लेने अस्पताल गई थी, लेकिन व्यक्ति अनफिट बताया गया। फिट होने के बाद बाद जो भी बयान दर्ज होंगे, पुलिस उसके अनुसार कार्रवाई करेगी। फिलहाल जहर खाने वाले के खिलाफ भी धारा 309 के तहत कार्रवाई बनती है। सीएम विंडो की शिकायत के स्टेट्स के बारे में सुबह बता सकते हैं।
जय सिंह, प्रभारी, सदर थाना भिवानी