अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
पटेल नगर के शिव पार्क में खेल रहे दो मासूम बच्चों का रविवार शाम एक किशोर ने अपहरण कर लिया। वह उनको आइसक्रीम दिलाने का झांसा देकर पैदल कैमरी रोड नाके के पास ले गया। मासूम बच्चा पूर्व पार्षद बिशन गंगवानी का दोहता है और मासूम लड़की उनकी पोती है। इत्तफाक से कैमरी रोड से दोस्त के साथ बाइक पर लौट रहे गंगवानी के बेटे की नजर बच्चों पर पड़ी तो किडनैपर को धर दबोचा। वहां काफी भीड़ इकट्ठी हो गई और पब्लिक ने किडनैपर की जमकर धुनाई की। उसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
पटेल नगर के पूर्व पार्षद बिशन गंगवानी का छह वर्षीय दोहता आर्यन दूसरी कक्षा में पढ़ता है और स्कूल की छुट्टी होने के चलते फतेहाबाद से ननिहाल पटेल नगर में आया हुआ है। वह और बिशन के बेटे सुमित कुमार की साढे़ तीन साल की बेटी रिधिमा रविवार को छह बजे घर के पास शिव पार्क में बच्चों के साथ खेल रहे थे। रिधिमा नर्सरी की छात्रा है। तभी एक किशोर ने दोनों बच्चों का आइसक्रीम दिलाने की बात कहकर अपहरण कर लिया। उसने बच्ची को गोद में उठाया और उनको साथ लेकर पैदल कैमरी की तरफ चल पड़ा। कैमरी रोड नाके के पास इत्तफाक से गंगवानी का ऑटो मेकेनिक का बेटा सुमित कुमार दोस्त साहिल के साथ बाइक पर घर की तरफ आ रहा था। उसने नाके के पास एक ऑटो मेकेनिक से मिलने के लिए बाइक मोड़ी ही थी। तभी उसकी नजर एक लड़के पर पड़ी। उसने रिधिमा गोद में उठा रखी थी और आर्यन साथ चल रहा था।
अपहरणकर्ता पांचवीं पास
सुमित ने तुरंत बाइक रोकी और साहिल की मदद से किडनैपर को पकड़ लिया। बच्चों से पूछा तो उन्होंने बताया कि यह लड़का हमें आइसक्रीम दिलाने ले जा रहा है। बच्चों के अपहरण की बात सुनकर वहां काफी लोग इकट्ठा हो गए और लोगों ने किडनैपर को पीटना शुरू कर दिया। लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की। बाद में सूचना मिलने पर पूर्व पार्षद बिशन गंगवानी और वार्ड नंबर 14 के पार्षद डॉ. महेंद्र जुनेजा मौके पर पहुंच गए। डॉ. जुनेजा ने फोन कर पीएलए चौकी पुलिस को सूचना दी। एएसआई मेहर सिंह की टीम ने मौके पर जाकर किडनैपर को हिरासत में ले लिया। उसने खुद को कैमरी निवासी बताया है। मामले की सूचना मिलने पर पटेल नगर के काफी लोग पीएलए चौकी में पहुंच गए थे। सिविल लाइन पुलिस ने इस बारे में अपहरण का केस दर्ज किया है। अभियुक्त कैमरी रोड पर ही फर्नीचर के शोरूम पर काम करता है। वह पांचवीं पास है।
किडनैपर बोला, गलत काम करना था
पुलिस पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसने बच्चों का अपहरण गलत काम करने के इरादे से किया था, लेकिन वह अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका। वह बच्चों को सुनसान जगह पर झाड़-झंझाड़ों में ले जाना चाहता था। वह पहले ही पकड़ा गया।
पटेल नगर से दो बच्चों के अपहरण की शिकायत मिली है। उस संबंध में शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है। आरोपी नाबालिग है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
-जगदीश कुमार, एएसआई इंचार्ज पीएलए चौकी
लोगों ने धुनाई कर पुलिस को सौंपा
गर्मी की छुट्टी के चलते फतेहाबाद से हिसार नाना के घर आया था छह वर्षीय आर्यन