अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
गंगवा के पास वीरवार शाम तूड़ी से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में यूपी के जिला बांदा के दलीप (25) की मौत हो गई और चंद्रकमल गंभीर रूप से घायल हो गया। सदर थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।
किरतान निवासी प्रेम सिंह ने बताया कि वह वीरवार को तीन बजे शाहपुर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में तूड़ी भरकर सिवानी के पास के एक ईंट भट्ठे के लिए चला था। उसके साथ यूपी के जिला बांदा के गांव पलहेरी का मजदूर दलीप और चंद्रकमल थे। वे दोनों ट्रैक्टर पर बैठे थे। हम गंगवा के पास हिसार-राजगढ मार्ग पर चढे़ ही थे कि एक ट्रक ने पीछे से ट्रॉली को टक्कर मार दी जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गए और दलीप व चंद्रकमल गिर गए। उसने बड़ी मुश्किल से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नियंत्रण पाया। उसने उतरकर दलीप और चंद्रकमल को संभाला व अन्य लोगों की मदद से एक वाहन का प्रबंध कर दोनों को सिविल अस्पताल में पहुंचाया। डॉक्टर ने वहां दलीप को मृत घोषित कर दिया। वह चंद्रकमल को गंभीर हालत के चलते एक निजी अस्पताल में ले गया। प्रेम सिंह ने कहा कि ट्रक चालक कैथल के गांव डूंडवा के नरेश के खिलाफ कार्रवाई की जाए। आजाद नगर चौकी के हेडकांस्टेबल हेमराज ने सूचना मिलने पर शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने फोन पर मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में ट्रक चालक नरेश के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।