अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्य नाथ को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के परिसर में काले झंडे दिखाने के प्रयास में एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव नवदीप दलाल सहित 11 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए युवकों में सभी एनएसयूआई के पदाधिकारी और सदस्य हैं। आदित्य नाथ को काले झंडे दिखाने के प्रयास में काफी संख्या में घुसे युवकों के बारे में पुलिस को सूचना मिल गई। पुलिस ने मौके से उन्हें खदेड़ दिया और इनमें से 11 को गिरफ्तार कर दिया। हालांकि देर रात को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, यहां उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। उत्तर प्रदेश के सीएम अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पधारे थे। वहां कार्यक्रम के बाद उनको काफिले के साथ अग्रोहा धाम में जाना था। उनका काफिला अग्रोहा धाम के लिए चला ही था कि अचानक अग्रोहा मेडिकल कॉलेज परिसर में कुछ युवक इकट्ठे हो गए। पुलिस का कहना है कि उनका मकसद काफिला पास आने पर योगी को काले झंडे दिखाना था। पुलिसकर्मियों ने भनक लगने पर उनको पहले ही हिरासत में ले लिया। पुलिस उनको हिरासत में लेकर यहां सीआईए भवन में ले आई। अग्रोहा थाना पुलिस ने उनको धारा 107 व 151 के तहत पाबंद कर देर शाम को कोर्ट में पेश किया। यहां उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया।
पुलिस ने इनको पकड़ा
पुलिस ने 11 युवकों को पकड़ लिया। इनमें जींद के जुलाना का नवदीप, गंगवा का सन्नी, सिंघरान का विक्रम, सैनियान मोहल्ले का कृष्ण कुमार, गंगवा का रमन कुमार, भगाना का सुमित कुमार, पनिहार गांव का सुलेमान, स्याहड़वा का राहुल कुमार, कालवास का ललित कुमार और गंगवा का विकास कुमार शामिल हैं।
बीएचयू में छात्राओं पर जो लाठीचार्ज हुआ था, उसके विरोध में हमने यूपी के सीएम को काले झंडे दिखाने थे। विरोध स्वरूप जैसे ही हमने परिसर में एंट्री की तो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और बाकी साथियों को खदेड़ दिया। -नवदीप दलाल, प्रदेश महासचिव एनएसयूूआई