व्यापारी के गिरे एक लाख रुपये ले भागा युवक
इलाकाई लोगों ने किया पीछा, नहीं चला पता
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। बैंक में एक लाख रुपये जमा कराने जा रहे व्यापारी को सड़क खराब होने का खामियाजा भुगतना पड़ गया। रुपयों से भरी उसकी पॉलीथिन गिर गई। उसे जब तक पता चलाता, दूसरा युवक बाइक से लेकर भाग निकला। व्यापारी के साथ इलाकाई लोगों ने औंग तक हुलिया बताते हुए पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
चौडगरा निवासी आशीष कुमार तिवारी पुरानी बैटरी खरीदने और नई बैटरी बेचने का कारोबार करते हैं। बताया कि कंपनी के खाते में रकम जमा करानी थी। गुरुवार को एक लाख रुपये लेकर बैंक ऑफ इंडिया जा रहे थे। सुबह ही बैटरियों का कबाड़ एक लाख रुपये में बेचा था।
सड़क के एक हिस्से में जेसीबी से खुदाई हो रही है। एक पालीथिन में एक लाख रुपये रखकर उसे बाइक के पीछे लोहे में बांध दिया था, जो रास्ते में गिर गया। उन्हें पता चला तो तुरंत उसी रास्ते से लौटते हुए लोगों से पूछताछ की। पता चला कि पीछे बाइक से एक युवक आ रहा था। सामान गिरते ही उसे उठाया और औंग की तरफ चला गया। उन लोगों ने कुछ दूर तक पीछा भी किया था।
व्यापारी ने इलाकाई लोगों को साथ में लेकर घंटों हुलिया बताते हुए पूछताछ की, लेकिन पता नहीं चला। दूसरी ओर थाना प्रभारी गणेश प्रसाद सिंह का कहना है कि अभी तक उनके पास कोई तहरीर नहीं आई है।