कैंट के पास दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल समेत दो पर हमला
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
दिल्ली के न्यू अशोक नगर ईस्ट थाना के सिपाही देवेंद्र और उसके साथी दीपक को शनिवार को कैंट के पास तीन लोगों ने रॉड से हमला कर घायल कर दिया। हमलावरों ने उनकी कार के शीशे तोड़ डाले। सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के न्यू अशोक नगर ईस्ट थाना का सिपाही देवेंद्र रेप के एक मुकदमे में बेल बॉंड वेरीफाई करने के लिए कार में यहां कैमरी रोड पर आया था। वह सरकारी ड्यूटी पूरी कर कार में वापस दिल्ली लौट रहा था। कैंट के पास दो बाइक पर आये तीन युवकों ने कार रुकवाई। वे बोले कि गाड़ी छोड़ो, इसकी किश्त बकाया है। चालक दीपक ने उनको गलतफहमी होने की बात कही तो वे बहस करने लगे। कहासुनी होने पर तीनों युवकों ने चालक से मारपीट की और रॉड से हमला कर सिपाही का सिर फोड़ दिया। लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों में बीचबचाव कराया। बाद में घायलों ने सरकारी अस्पताल में एमएलआर कटवाई। सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।