हिसार। नजदीकी गांव टोकस से रात दो बजे पुलिस ने एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में ले ली। आरोप था कि गांव का किसान नरेंद्र ड्रेन की पटड़ी की जमीन को समतल कर अपने खेत में मिला रहा था। हालांकि सोमवार शाम तक विवाद निपट गया और नहरी विभाग की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई।
जानकारी के अनुसार आजाद नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि टोकस गांव में एक व्यक्ति ड्रेन की पटरी को समतल कर अपने खेत में मिलाकर अवैध कब्जे का प्रयास कर रहा है। आनन-फानन में पुलिस रात करीब दो बजे मौके पर पहुंची और वहां पर जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली चलते पाए गए। इस पर पुलिस ने जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। सोमवार को दिन में नहरी विभाग और किसान में समझौता हो गया और पुलिस द्वारा जब्त किए गए जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके मालिक को सौंप दिए गए।
यह था मामला
दरअसल ड्रेन के साथ लगते गांव निवासी नरेंद्र के खेत हैं। पुलिस के अनुसार नरेंद्र का कहना है कि उसके खेत नीचे पड़ते हैं और ड्रेन की पटरी ऊंची है, जिस कारण उसके खेत में आने-जाने के लिए रास्ता नहीं था। इसके चलते उसने जगह को समतल करने के लिए जेसीबी लगाई थी।
वर्जन
देर रात सूचना मिलने पर एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लिए गए थे। नहरी विभाग के जेई और किसान नरेंद्र के बीच समझौता हो गया है। जेई ने कहा है कि वह कोई शिकायत नहीं देना चाहता और गलतफहमी के कारण ऐसा हुआ। नरेंद्र के खेत का रास्ता नीचा पड़ रहा था, जिस कारण उसने ऐसा किया। समझौते के बाद जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली मालिकों को सौंप दी गई हैं।
-एसआई ओमप्रकाश, जांचकर्ता, आजाद नगर थाना।