हिसार। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। साथ ही हिसार में तीन दिन में कोरोना के दूसरे केस के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। रविवार को हिसार कैंट में 32 वर्षीय एक फौजी कोरोना पॉजिटिव मिला। हालांकि इस फौजी में कोरोना का पुराना वैरिएंट मिला है।
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने इस फौजी की ट्रैवल हिस्ट्री ली है। दक्षिण अफ्रीका में मिले ओमिक्रॉन वैरिएंट से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग को अब विदेश से आए लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री और उनके संपर्क रहे लोगों की जानकारी ली जाएगी। इन लोगों के सैंपल करवाए जाएंगे। विदेश से आने वाले लोग अगर कोरोना संक्रमित मिलते हैं तो स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जीनोम सिक्वेंसिंग होगी। इसमें पॉजिटिव मिले 100 लोगों में से पांच फीसदी सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए होंगे।
सिलीगुड़ी से आने के बाद हुआ बुखार
फौजी ने बताया कि 20 नवंबर को सिलीगुड़ी की यात्रा के बाद वह घर आया तो बाद उसे बुखार हुआ। उसने सैंपलिंग करवाई, जिसमें वह पॉजिटिव मिला। फौजी को फिलहाल उसके मकान में अलग कमरे में रखा गया है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को हांसी के मदनपुरा से 14 वर्षीय किशोर भी कोरोना संक्रमित मिला था। किशोर को भी गांव की ढाणी में अलग से रखा गया है। इसके परिजनों के पांच सैंपल समेत स्कूल से बच्चों और शिक्षकों के कुल 138 सैंपल लिए गए थे। इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही।
ओमिक्रॉन वायरस को चार स्टेप में किया जाएगा ट्रैक
- पहले स्टेप में विदेश से आने वाले लोगों को ट्रैक किया जाएगा।
- दूसरे स्टेप में विदेश से आने वाले लोगों के टेस्ट करवाए जाएंगे।
- तीसरे स्टेप में पॉजिटिव मिलने पर उपचार किया जाएगा।
- चौथे स्टेप में मरीज को टीका लगाया जाएगा।
प्रतिदिन 1400 आरटीपीसीआर और 600 एंटीजन टेस्ट होंगे
विभाग की ओर से अब प्रतिदिन दो हजार सैंपल किए जाएंगे। विभाग की तरफ से इनमें 1400 आरटीपीसीआर और 600 एंटीजन टेस्ट किए जाएंगे। शहर और गांवों में टीमें सैंपलिंग करेंगी।
आइसोलेशन और वैक्सीन पर दिया जा रहा जोर
विभाग की ओर से अब आइसोलेशन वार्ड को दोबारा तैयार किया जा रहा है। वैक्सीनेशन पर जोर दिया जा रहा है। जिले में अब भी कई लोग ऐसे हैं, जिन्होंने पहली डोज भी नहीं लगवाई। कोरोना महामारी से बचाव को लेकर जिले में चलाए जा रहे वैक्सीनेशन अभियान के तहत अभी तक कुल 14 लाख 15 हजार 12 वैक्सीन डोज दी जा चुकी है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. तरुण ने बताया कि 10 लाख 11 हजार 930 लोगों को वैक्सीन की प्रथम डोज तथा 4 लाख 3 हजार 82 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 14 हजार 545 हेल्थ केयर वर्कर्स ने वैक्सीन की पहली डोज और 14338 ने दूसरी डोज ली है। इसी प्रकार से 8 हजार 768 फ्रंट लाइन वर्कर वैक्सीन की पहली डोज और 8518 ने दूसरी डोज ली है। 60 वर्ष से ऊपर के एक लाख 46 हजार 726 नागरिकों ने पहली डोज तथा 78 हजार 935 लोगों ने दूसरी डोज भी ली है। इसी तरह से 45 से 60 आयु वर्ग के 2 लाख 24 हजार 317 लोगों ने प्रथम डोज तथा एक लाख 6 हजार 130 लोगों ने दूसरी डोज ले ली है। 18 से 44 आयु वर्ग के 6 लाख 17 हजार 574 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज तथा 1 लाख 95 हजार 161 ने दूसरी डोज ली है।
डेंगू के चार नए मामले आए सामने
विभाग की तरफ से डेंगू के प्रतिदिन करीब 250 सैंपल किए जा रहे हैं। डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि जिले में डेंगू के 975 केस मिल चुके हैं। इनमें से 927 स्वस्थ हो चुके हैं। अब 47 एक्टिव केस हैं, जबकि एक की डेंगू से मौत बताई गई है। रविवार को आदर्श कॉलोनी, बढ़वाली ढाणी, गंगवा, ढंढूर से डेंगू के चार मरीज मिले।
सैंपल करवाए जाएंगे
विदेशों से आने लोगों में कोरोना संक्रमिण मिला तो उनकी जीनोम सिक्वेंसिंग करवाई जाएगी। अब प्रतिदिन दो हजार सैंपल किए जाएंगे।
-डॉ. सुभाष खतरेजा, सर्विलांस अधिकारी, हिसार।