हिसार। सिरसा हाईवे पर चौथा मिल के नजदीक रविवार रात को बाइक सवार युवकों ने सिपाही आदित्य पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद हमलावरों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली। घायल सिपाही ने साहस दिखाते हुए एक हमलावर काकू को पकड़ लिया। हालांकि उसके साथी ने फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला लिया और काकू को छुड़वाकर ले गए। परिजनों ने घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, सदर थाना पुलिस ने काकू, सुनील, मक्खन, सन्नी और एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एक दिन पहले छुट्टी पर आया था
बीड़ निवासी सिपाही आदित्य ने बताया कि वह गुरुग्राम में डिटेक्ट लैब में कार्यरत है। 23 सितंबर को छुट्टी पर आया था। 24 सितंबर की रात को घर से सामान खरीदने के लिए चौथा मिल की मार्केट में गया था। लौटते समय रास्ते में जोगीराम माइल की ढाणी के पास काकू और सुनील ने अपनी बाइक आगे अड़ाकर उसे रुकवा लिया। इसके बाद चाकू से हमलाकर सोने की चेन झपट ली। घायल ने बताया कि जब उसने एक हमलावर को पकड़ लिया तो उसके दूसरे साथी ने फोन कर अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद मक्खन, सन्नी व अन्य मारपीट कर काकू को छुड़वाकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंचे पिता इंद्रजीत और चाचा सुंदर घायल हालत में उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर गए।
घायल सिपाही आदित्य की शिकायत पर चार नामजद समेत पांच के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- संदीप, निरीक्षक, सदर थाना हिसार