विजिलेंस ने नारनौंद थाने में तैनात हेड कांस्टेबल भीम सिंह को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। इस संबंध में गगनखेड़ी के प्रवीण ने विजिलेंस में शिकायत दी थी।
विजिलेंस को दी शिकायत के अनुसार गगनखेड़ी गांव निवासी प्रवीण ने बताया था कि घरेलू लड़ाई-झगड़े के मामले में सुलह कराने के नाम पर नारनौंद थाने में तैनात हेड कांस्टेबल भीम सिंह ने उससे चार हजार रुपये की मांग की। शिकायत पर विजिलेंस के इंस्पेक्टर जितेंद्र के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। तहसीलदार विनय चौधरी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। आरोपी हेड कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता को पैसे देने के लिए हिसार बस स्टैंड पर वीरवार शाम को बुलाया। योजना के अनुसार विजिलेंस टीम ने 2-2 हजार रुपये के दो नोट देकर शिकायतकर्ता प्रवीण को बस स्टैंड पर भेजा। प्रवीण ने आरोपी को रुपये दिए और टीम की ओर इशारा कर दिया। इस पर विजिलेंस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। उससे प्रवीण द्वारा दिए गए नोट भी बरामद कर लिए और उसके हाथ धुलवाए तो नोटों पर लगे पाउडर के कारण आरोपी के हाथ लाल हो गए। विजिलेंस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।