हांसी। नागरिक अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अब शहर भर में चर्चा होने लगी है। सत्तारूढ़ पार्टी सहित विपक्षी पार्टी के राजनेता भी चाहते हैं कि स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हों। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विधायक व सीएमओ व्यवस्थाएं जांचने के लिए जाएंगे। वहीं शहरवासी भी चाहते हैं कि शहर हाईवे पर है तो यहां पर स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हों।
आमजन को नागरिक अस्पताल में बेहतर सुविधाएं मिलें। अक्सर देखने में आता है कि यहां पर कई बड़े हादसे होते हैं तो तुरंत हिसार रेफर करना पड़ता है। कई बार जिंदगियों से हाथ धोना पड़ता है। अगर स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी तो कई जिंदगियां बच सकती हैं। साथ ही आम लोगों को भी हिसार नहीं जाना पड़ेगा।
-
सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई हुई हैं। नागरिक अस्पताल है तो डॉक्टर नहीं, डॉक्टर है तो दवा नहीं। मशीनें बिना ऑपरेटर के खराब हो रही हैं। प्रदेश में कहीं भी पूरे चिकित्सक नहीं है। यहां पर आंखों, दंत रोग के विशेषज्ञ हैं तो अन्य नहीं है। सरकार पहले डॉक्टर की नियुक्ति करे। सभी पदों को भरे। अस्पताल के एसएमओ लगातार निरीक्षण करे। व्यवस्थाएं बेहतर होंगी तो आम आदमी को फायदा होगा। आयुष्मान कार्ड धारकों के साथ निजी अस्पतालों में ठगी हो रही है। -
अत्तर सिंह सैनी, पूर्व बिजली एवं सिंचाई मंत्री, हरियाणा सरकार।
-
नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली से आम आदमी को परेशानी रहती है। सरकार को चाहिए की नागरिक अस्पताल को ट्रामा सेंटर बना दें। क्योंकि इससे बड़ा अस्पताल आसपास नहीं है। इससे हिसार के जिला अस्पताल में लोड कम होगा। शहर हाईवे पर है तो अक्सर हादसे होते हैं। गंभीर मरीजों को हिसार भेजना पड़ता है। इस दौरान कई मरीज दम भी तोड़ देते हैं। यहां पर बेहतर सुविधाएं होंगी तो हिसार नहीं जाना पड़ेगा। आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी फायदा मिलेगा। -
राहुल मक्कड़, हलका अध्यक्ष, जजपा
नागरिक अस्पताल को लेकर मेरे समक्ष आजतक यह समस्याएं नहीं रखी गई। जल्दी अस्पताल में जाकर निरीक्षण करूंगा और वहां चिकित्सकों से बात करूंगा। उसके बाद इन समस्याओं को दूर करने का प्रयास करूंगा।
- विनोद भयाना, विधायक हांसी।
नागरिक अस्पताल में समस्याओं के बारे में पता चल रहा है। मैं जल्दी ही निरीक्षण करने आउंगी। वहां आकर इन समस्याओं को देखूंगी। फिर उसके बाद आगामी कार्रवाई करुंगी। -
डॉ. सपना गहलावत, सीएमओ