हिसार अग्रसेन भवन में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन सीएम मनोहरलाल के सामने पदाधिकारियों ने अपनी शिकायत रखी। काम नहीं होने से परेशान कार्यकर्ताओं ने सीएम से अपनी समस्याओं को लेकर शिकायत की। इस पर सीएम ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी और कार्य करवाने के तरीके भी सुझाव। कुल मिलाकर सीएम ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट जता दिया कि जायज काम ही होंगे। वो भी तरीके से।
लोगों को काम सिखाओ, एडजस्ट करो..
पदाधिकारियों ने कहा कि ठेके अब भी इनेलो और कांग्रेस के लोगों को ही मिल रहे हैं। इसमें मैनपावर की जरूरत होती है तो अपने पुराने लोगों को ही लगा रहे हैं। इसके जवाब में सीएम ने कहा कि अपने लोगों को काम सिखाओ। इस लाइन में एडजस्ट करो। उन्होंने ‘खाली बैठे कटड़ा मुंडने’ वाली कहावत से नसीहत दी कि सबसे पहले घरवालों को काम देना जरूरी है। अगर घरवाले खाली रहेंगे तो अपना ही नुकसान करेंगे। अगर उन्हें काम मिल जाएगा तो वे व्यस्त रहेंगे। पार्टी के बारे में भी अच्छा प्रचार करते रहें।
पहले छोटे कार्यकर्ता को फायदा
पार्टी और संगठन को मजबूत करने के लिए सीएम ने मंत्र दिया कि पार्टी तब मजबूत होगी जब सबसे छोटे यानी सबसे नीचे कड़ी में जुड़े व्यक्ति को पहले फायदा पहुंचेगा। छोटे कार्यकर्ता को फायदा होगा तो वह मुख्यधारा से यानी पार्टी से जुड़ा रहेगा। अगर उसे फायदा नहीं मिला तो वह विकल्प तलाशेगा। छोटे के बाद बड़े का नंबर आना जरूरी है। छोटे इंतजार नहीं कर सकते।
हम भी करेंगे प्रयोग
सत्ता के विकेंद्रीकरण के सवाल पर सीएम मनोहर लाल ने कहा कि जिला परिषद, ब्लॉक समिति सदस्यों को पहले भी अधिकार दिए गए थे फिर वापस ले लिए थे। हम भी प्रयोग करेंगे और जिला परिषद, ब्लॉक समिति सदस्य के माध्यम से कुछ काम कराएंगे। इस बारे में योजना तैयार की जा रही है।
हर किसी को नहीं मिलेगी नौकरी
सीएम ने कहा कि करीब 30 से 35 हजार नौकरियां निकलेंगी। यह बेहद कम हैं। हर किसी को नौकरी नहीं मिल सकती। सरकार कुछ नए कामों का सृजन करेगी। आप भी लोगों को दूसरे काम में एडजस्ट करो। रिजल्ट आने में समय लगता है।
आधे से ज्यादा हाथ उठे
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूछा कितने लोगों को सीएम विंडो की जानकारी है तो आधे से ज्यादा लोगों के ही हाथ खड़े हुए। सीएम ने कहा कि अपने एरिया की निगरानी समिति के माध्यम से सीएम विंडो की शिकायतों को हल कराएं।
सारी सड़कें एक साथ कैसे बना दें
नए बडे़ प्रोजेक्ट के मामले में सीएम ने कहा कि सड़कें इतनी जल्दी नहीं बनतीं। सारी सड़कें एक साथ कैसे बना दें। हमने योजनाएं बनाई हैं। अब काम होना शुरू हो जाएगा। इसके लिए बजट का प्रबंध किया जा रहा है। रिजल्ट दिखने में समय लगता है। कई जगह अब रिजल्ट दिखने लगा है।