उकलाना की पुरानी अनाज मंडी में खाद विक्रेता की दुकान पर जांच करती सीएम फ्लाइंग की टीम।
हिसार। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) टीम ने शुक्रवार को उकलाना मंडी में खाद विक्रेताओं की दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान स्टॉक और गोदाम रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। एक दुकान में अनियमितता मिलने पर कृषि विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज प्रभारी सुनैना ने किया। टीम में एएसआई सुरेंद्र, एचसी विजय और कृषि विकास अधिकारी डॉ. सचिन अहलावत शामिल रहे। सुनैना ने बताया कि क्षेत्र में कुछ विक्रेताओं के स्टॉक रिकॉर्ड में गड़बड़ी की शिकायतें मिली थीं, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
टीम ने सबसे पहले पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री श्याम एग्रीकल्चर स्टोर की जांच की। दुकान मालिक सुंदर की मौजूदगी में रिकॉर्ड और स्टॉक का मिलान किया गया। निरीक्षण में डीएपी के 216 बैग और यूरिया के 1,443 बैग मिले। पाया गया कि यह स्टॉक जिस गोदाम में रखा गया था, उसका उल्लेख खाद वितरण लाइसेंस में नहीं था। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए कृषि विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसके बाद श्री राम ट्रेडिंग कंपनी की जांच की गई, जहां मालिक के बेटे अभिषेक की मौजूदगी में 15 डीएपी और 308 यूरिया बैग पाए गए। इस दौरान कई किसान खाद लेने पहुंचे तो टीम ने मौके पर ही उन्हें आवश्यक मात्रा में खाद उपलब्ध कराई। सीएम फ्लाइंग प्रभारी सुनैना ने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे दुकानों के बाहर स्टॉक बोर्ड लगाएं और गोदाम का इंद्राज लाइसेंस में अवश्य करवाएं