निगम कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक करते निगमायुक्त नीरज।
हिसार। शहर में खुले में कचरा फेंकने वालों पर अब सफाई कर्मचारी पैनी नजर रखेंगे। अगर कोई व्यक्ति खुले में कचरा डालता है तो उसकी फोटो या वीडियो बनाकर अधिकारियों को उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि उन पर कार्रवाई की जा सके। सोमवार को अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने सफाई दरोगाओं के साथ बैठक में इस बारे में दिशा निर्देश दिए।
सफाई दरोगाओं के साथ बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने कहा कि आप सफाई करने के बजाय उन कारणों को दूर करें जिन कारणों से कचरा खुले में आता है। जितना कम कचरा खुले में फेंका जाएगा, उतनी ही सफाई कम करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि आप फील्ड में रहते हो तो आप उन लोगों पर विशेष नजर रखो जो खुले में कचरा डालते हैं। अब उनकी फोटो या वीडियो बनाकर एएसआई व सीएसआई को उपलब्ध करवाए ताकि उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
अतिरिक्त निगमायुक्त ने कचरे के सेकेंडरी प्वाइंट का किया निरीक्षण
इससे पहले अतिरिक्त निगमायुक्त ने सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक कचरे के कुछ सेकेंडरी प्वाइंट का निरीक्षण किया। इस दौरान कहीं कचरे का उठान हो चुका था तो कहीं कचरा पड़ा मिला। अतिरिक्त निगमायुक्त ने तोशाम रोड, सेक्टर 16-17, सेक्टर 13, पीएलए, ग्रीन स्कवेयर मार्केट, माॅडल टाउन में बने कचरे के सेकेंडरी प्वाइंट का निरीक्षण किया।
वार्ड 1 से 10 में तीन व 11 से 20 वार्ड के टेंडर के लिए 4 एजेंसियों ने किया आवेदन
निगमायुक्त नीरज ने सोमवार को डोर टू डोर एवं रोड स्वीपिंग के कार्यों के संबंध में एंजेसी संचालकों के साथ बैठक की। निगमायुक्त ने बताया कि वार्ड 1 से 10 के लिए तीन और 11 से 20 के लिए 4 एजेंसियों ने आवेदन किया है। बैठक में एजेंसियों की तरफ से किए गए आवेदनों में आई आपत्तियों पर सुनवाई की गई।
निगमायुक्त ने बताया कि जल्द ही विभाग आपत्तियों पर नियमानुसार फैसला लेकर टेंडर की फाइल को मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजेगा। मंजूरी के बाद क्वालीफाई एजेंसी को जल्द ही डोर टू डोर एवं रोड स्वीपिंग का कार्य दिया जाएगा। निगमायुक्त बताया कि वार्ड 11 से 20 में डोर टू डोर का टेंडर 30 जून को समाप्त हो चुका है। इन वार्डो का डोर टू डोर का कार्य नगर निगम कर रहा है। इसके अलावा वार्ड 1 से 10 तक डोर टू डोर का टेंडर 26 अगस्त को समाप्त होगा।