फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: हिस्ट्रीशीटर शिवा के जन्मदिन पर बज रहे थे गाने, बंद कराने पर पुलिस से टकराव हुआ, छत से गिरने किशोर की मौत दूसरा घायल

Wed, 09 Jul 2025 12:59 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हिसार
विज्ञापन
धरना स्थल पर नम आंखों के साथ बैठे हिसार में मृतक गणेश के पिता विक्रम।
विज्ञापन
हिसार। बारह क्वार्टर की ढाणी किशन दत्त में सोमवार देर रात हिस्ट्रीशीटर शिवा की जन्मदिन पार्टी में स्पीकर में तेज आवाज के गाने बंद कराने पहुंची पुलिस का आयोजकों से टकराव हो गया। छत से गिरने से किशोर गणेश (16) की मौत हो गई, उसका दोस्त आकाश घायल हो गया। इसी मामले में बारह क्वार्टर चौकी प्रभारी विनोद कुमार घायल हो गए।
विज्ञापन

मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने धक्का देकर गणेश (16) को छत से नीचे फेंक दिया। पुलिस कर्मियों का का आरोप है कि पुलिस को देखकर दोनों छत से कूद गए थे। जन्मदिन मनाने वालों ने पुलिस पर पथराव किया। डंडे व गंडासी से हमला किया। इस घटनाक्रम के बाद अनुसूचित समाज के लोगों ने मृतक का शव लेने से इन्कार कर नागरिक अस्पताल में धरना शुरू कर दिया है। धरनारत लोगों ने पुलिस को बुधवार सुबह 10 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है।
ढाणी किशनदत्त निवासी विक्रम ने बताया कि सोमवार को उसके बेटे गणेश के दोस्त शिवा की जन्मदिन पार्टी थी। इसमें स्पीकर लगाकर गाने बजा रहे थे। विक्रम ने बताया कि उसका बेटा गणेश भी शिवा भी पार्टी में गया था। रात करीब 11:30 बजे पुलिसकर्मी आए। उन्होंने मौके पर मौजूद बच्चों, युवाओं व महिलाओं से मारपीट शुरू कर दी। इसमें कुछ लोग घायल हो गए।
विज्ञापन

सूचना मिलने पर वह मौके पर नागरिक अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने उन्हें आपातकालीन वार्ड में भी नहीं जाने दिया। रात करीब दो बजे उन्हें अंदर जाने दिया। वहां उन्हें पता लगा कि उनके बेटे गणेश की मौत हो गई है।
शिवा के परिजनों ने उन्हें बताया कि पुलिस ने गणेश को लाठी मारकर धक्का दे छत से गिराया। इससे गणेश की मौत हो गई और आकाश घायल हो गया। इस मामले में घायल युवती मासूम ने कहा पुलिस ने हम सभी पर लाठी चलाई थी। हमारे पास रात के वीडियो भी हैं। पुलिस मकान के अंदर लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी उखाड़ ले गई। धरना स्थल पर उपस्थित लोगों ने बताया कि मोहल्ले के कई युवक लापता हैं। पुलिस ने उन्हें अवैध तरीके से उठाया है।

पुलिस का पक्ष :
प्रेस को जारी बयान में पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 12 क्वार्टर चौकी प्रभारी एसआई विनोद कुमार को सोमवार रात 11 बजे गश्त के दौरान 12 क्वार्टर एरिया में शुभम उर्फ काकू के घर के सामने वाली गली में तेज आवाज में डीजे बजता मिला। इसे बंद कराने पर हिस्ट्रीशीटर शुभम उर्फ काकू और शिवा उर्फ घोड़ा ने विरोध किया। इन दोनों ने पुलिस कर्मियों के साथ बहस की। स्थिति बिगड़ने पर विनोद कुमार ने नई सब्जी मंडी चौकी प्रभारी महेंद्र को मौके पर बुलाया। महेंद्र अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे। डीजे बंद कराने पर शुभम, शिवा और 15-20 अन्य लड़कों ने पुलिस टीम पर डंडे और गंडासी आदि हथियारों से हमला कर दिया। इसमें एसआई विनोद और एएसआई महेंद्र के सिर पर गंभीर चोट लगी। विनोद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसआई विनोद के बयान पर शुभम उर्फ काकू, शिवा और 15-20 अन्य युवकों पर सरकारी काम में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार शुभम उर्फ काकू और शिवा पर दो थानों में असलहा रखने, वसूली, झगड़ा, दंगा, सरकारी काम में बाधा सहित अन्य धाराओं के 10 से अधिक केस दर्ज हैं।

देर रात करीब 11 से 11:30 के बीच तेज आवाज में गीत की आवाज आई। इनके स्पीकर बंद कराने पर दो हिस्ट्रीशीटर और अन्य ने पुलिस कर्मियों पर पथराव कर तेज धारदार हथियारों से हमला किया। दो पुलिसकर्मी घायल हैं। उनका उपचार चल रहा है। मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद साफ होगा कि किशोर की मौत किस कारण हुई है। - सुनील कुमार, डीएसपी, हिसार।

यह मामला मेरे संज्ञान में आया है। पूरे मामले की न्याय संगत, निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। इसी आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच में सभी पक्ष शामिल किए जाएंगे। - शशांक कुमार सावन, एसपी, हिसार।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें