बरवाला। शहर के बाइपास के पास बनभौरी मार्ग स्थित सात अलग-अलग खेतों से सोमवार रात अज्ञात चोरों ने सोलर सिस्टम की सैंकड़ों फीट केबल चुरा ली। एक ही रात में हुई इस वारदात से क्षेत्र के किसानों में भारी रोष और दहशत का माहौल है। चोरों ने वार्ड-5 निवासी रामसिंह के खेत से 70 फीट, कुलवंत के खेत से 90 फीट, राजेंद्र के खेत से 70 फीट, हवा सिंह के खेत से 100 फीट, नत्थूराम के खेत से 90 फीट, पवन के खेत से 110 फीट और वार्ड-7 निवासी सतीश के खेत से 100 फीट केबल चोरी कर ली। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से परेशान हैं। चोरों को पुलिस का कोई डर नहीं है। इससे चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। दो दिन पहले गांव सुलखनी में भी दो खेतों से ट्यूबवेल का सामान चोरी हो गया था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए। किसानों ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत सौंप दी है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।