हिसार। एचटीएम थाना पुलिस ने एक युवक से ऑनलाइन जॉब दिलाने के नाम पर 54,050 रुपये की ठगी करने के आरोप में यूपी के लखनऊ निवासी सैफ अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
जांच अधिकारी उप-निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से ठगी की रकम की बरामदगी और अन्य साथियों की पहचान के लिए पूछताछ की जाएगी।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिल्ली में निजी नौकरी करता है। 24 अगस्त 2025 को उसे मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन जॉब ऑफर भेजा, जिसमें होटल रिव्यू करने पर भुगतान का लालच दिया गया था। प्रारंभिक टास्क पूरा करने के बाद आरोपी ने उसके खाते में 150 रुपये भेजे, जिससे वह झांसे में आ गया। इसके बाद बड़े टास्क के नाम पर विभिन्न ट्रांजेक्शन आईडी के माध्यम से कुल 54,050 रुपये हड़प लिए गए।
जांच में पता चला कि ठगी की गई राशि का एक हिस्सा आरोपी सैफ अली के बैंक खाते में ट्रांसफर हुआ था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।