बास (हिसार)। बास ब्लॉक समिति की पूर्व चेयरपर्सन से साढ़े सात लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। उसकी 25 लाख रुपये की लॉटरी निकलने का झांसा देकर ठगी को अंजाम दिया गया है। ठगी की शिकार हुई महिला मीना कुमारी बास अकबरपुर गांव की रहने वाली हैं और ब्लॉक समिति की चेयरपर्सन रह चुकी है।
साइबर हैकर्स ने महिला को झांसे में लेकर उससे खाता नंबर पूछकर उसके खाते नंबर पर जारी 25 लाख के चेक के फोटो भी भेजे, ताकि महिला को फर्जीवाड़े का शक ना हो। मीना कुमारी ने रोडवेज में कंडक्टर अपने पति रामदास को बिना बताए रिश्तेदारों से पैसे उधार लेकर ठगों के खाते में साढ़े 7 लाख रुपये ट्रांसफर करवा दिए। बास थाना पुलिस ने फर्जीवाड़े का केस दर्ज करके जांच शुरू की है।
मीना कुमारी ने बताया कि 14 मई को उसके फोन पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने उसको बताया कि उसकी 25 लाख रुपये की लॉटरी निकली है। वह उनको खाता नंबर बता दे, ताकि खाते में पैसे ट्रांसफर किए जा सकें। मीना कुमारी के अनुसार उसने कॉल करने वाले को खाता नंबर बता दिया। इसके बाद अगले दिन दोबारा से फोन आया और व्हाट्सएप पर उसको एक चेक की फोटो भेजी गई, जो 25 लाख रुपये का उसके खाता नंबर पर जारी किया गया था। इसके बाद उससे सिक्योरिटी मनी के नाम पर एक खाते में 1 लाख 25 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। इसके एक सप्ताह बाद दोबारा से उससे टैक्स के नाम पर कभी 25 हजार, कभी 50 हजार से लेकर 75 हजार रुपये तक अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाए गए। लॉटरी के पैसे के लालच में मीना कुमारी ने इस बारे में अपने पति को भी नहीं बताया और उधार पैसे लेकर ठगों के खाते में जमा करवा दिए। महिला के अनुसार आखिरी बार अक्तूबर महीने में उससे दो लाख रुपये ट्रांसफर करवाए गए थे। अब तक वह हैकर्स के खाते में 7 लाख 50 हजार रुपए भेज चुकी हैं। इसके बाद भी जब उसको चेक नहीं मिला तो महिला ने पुलिस को शिकायत करने की बात कही तो हैकर्स ने उसी को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सावधान रहें
पुलिस ने महिला के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोगों को इस प्रकार की लॉटरी व एटीएम की जानकारी मांगने वालों से सावधान रहना चाहिए।
सुखदेव सिंह, थाना प्रभारी बास।