बरवाला (हिसार)। यूरिया की कालाबाजारी करने के आरोपी किसान प्रदीप के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने गांव हसनगढ़-कल्लर भैणी मार्ग पर यूरिया का आवश्यकात से अधिक स्टॉक करने की सूचना पर शुक्रवार को कार्रवाई की थी।
इसके बाद पुलिस ने मामले में कृषि विभाग के उपमंडल कृषि अधिकारी पवन ढींगड़ा की शिकायत पर गांव हसनगढ़ के किसान प्रदीप के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने किसान प्रदीप के मकान से गैर कानूनी तरीके से बिना किसी लाइसेंस के रखे हुए कृभको यूरिया के 190 बैग भी कब्जे में ले लिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बता दें कि शुक्रवार शाम को गांव हसनगढ़-कल्लर भैणी मार्ग पर एक खेत में यूरिया का स्टॉक करने की सूचना पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने कार्रवाई की थी। मौके से 196 बैग कृभको यूरिया के बरामद किए थे। टीम को सूचना मिली थी कि किसान प्रदीप खाद की कालाबाजारी कर रहा है।