मंडी आदमपुर। मोडाखेड़ा से दड़ौली रोड पर नहर पुल के पास मंगलवार देर शाम चालक का संतुलन बिगड़ने से कार किशनगढ़ ब्रांच नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार से युवकों को बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने 25 वर्षीय सोनू और 24 वर्षीय सुरेश को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव मोडाखेड़ा निवासी सुरेश व सोनू देर शाम गांव लौट रहे थे। नहर से कुछ पहले मोड़ पर गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी पलटी खाते हुए ग्रिल तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों व किसान सुरेश, साधुराम, रघुवीर, रामसिंह की सहायता से दोनों युवकों को गाड़ी से बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आदमपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को आदमपुर नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। बुधवार को हिसार के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गाड़ी का नहीं खुला दरवाजा
किशनगढ़ ब्रांच नहर में कार गिरने से पहले गाड़ी पलटने से शीशे टूट गए। इस कारण कार में पानी भर गया। वहीं, दरवाजे नहीं खुलने से दोनों दोस्त कार में फंस गए। नहर में करीब 4 फुट पानी था। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम जब सोनू को अस्पताल लेकर पहुंची तो उसकी सांसे चल रही थी, लेकिन अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। जबकि सुरेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। क्रेन व जेसीबी की सहायता से कार को नहर से बाहर निकाला गया।
सोनू की नाई की है दुकान तो सुरेश चलाता है टैक्सी
परिजनों ने बताया कि सोनू गांव में नाई की दुकान करता था जबकि सुरेश टैक्सी चलाता था। सोनू की करीब 1 साल पहले शादी हुई थी, वहीं सुरेश अविवाहित था। सोनू के पिता बुधराम आदमपुर में रिक्शा चलाते हैं। सुरेश के पिता नंदराम गांव में खेतीबाड़ी करते हैं।
सोनू फाइल फोटो- फोटो : Hisar
मंडी आदमपुर में हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीण व बाहर निकाली गई गाड़ी।- फोटो : Hisar