भिवानी। मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने और नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए भारत सरकार के अधीन नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मादक पदार्थों से संबंधित सूचना देने के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1933 जारी किया है। इस नंबर पर किसी भी नागरिक द्वारा दी गई सूचना के तुरंत बाद नजदीकी पुलिस थाना और स्पेशल टीम कार्रवाई में जुट जाएगी।
पुलिस अधीक्षक भिवानी मनबीर सिंह ने बताया कि यह हेल्पलाइन 24 घंटे खुली रहेगी और मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की किसी भी सूचना पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। शिकायतकर्ता का नाम गुप्त रखा जाएगा ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो। मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर मिली शिकायतों के आधार पर मादक पदार्थ तस्करों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह ने कहा कि नशा युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है, इसलिए इसे रोकना हर नागरिक का कर्तव्य है।
मनबीर सिंह ने आमजन से आग्रह किया है कि यदि कहीं नशा बिकते या तस्करी होते देखे तो तुरंत 1933 पर सूचना दें। इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल ncbamanas.gov.in और हरियाणा एनसीबी के टोल फ्री नंबर 90508-91508 पर भी शिकायत की जा सकती है। इससे नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में मदद मिलेगी।