हिसार। प्रदेश सरकार के सोमवार व मंगलवार के फैसले के खिलाफ रविवार को व्यापारियों की एकजुटता देखने को मिली। सुबह करीब साढ़े 9 बजे जैसे ही बाजारों में दुकानें खुली होने की जानकारी मिली तो सभी बाजारों की एसोसिएशनों के प्रधान व पदाधिकारी एक-एक व्यापारी के पास दुकानें बंद करवाने लगे।
एकजुटता का हवाला देने पर हर व्यापारी अपनी दुकान के शटर गिराते चले गए। करीब डेढ़ घंटे बाद प्रधानों के पास प्रदेश सरकार द्वारा सोमवार-मंगलवार को बाजार बंद रखवाने का फैसला वापस लेने का संदेश पहुंचा। इसी के साथ व्यापारियों ने राहत की सांस ली और थोड़ी देर में ही सभी बाजार खुल गए। बाद में मेयर गौतम सरदाना ने भी बाजार में आकर व्यापारियों को प्रदेश सरकार के फैसले से अवगत करवाया।
केंद्र सरकार का फैसला 1 सितंबर से लागू होना था, दो दिन पहले ही बदला
दरअसल, केंद्र सरकार द्वारा अनलॉक 4.0 एक सितंबर से लागू किया जाना है। मगर व्यापारियों का विरोध देखते हुए हरियाणा सरकार ने दो दिन पहले ही सोमवार-मंगलवार को बाजार बंद नहीं रखने का फैसला ले लिया। विशेष बात यह है कि हिसार में सबसे पहले व्यापारियों ने प्रदेश सरकार के इस फैसले का विरोध किया और व्यापारी संगठनों ने बैठक करके सरकारी फैसले को नहीं मानने का निर्णय लिया। मार्केट एसोसिएशनों का दावा था कि रविवार को दुकानें बंद रखकर सोमवार व मंगलवार को हर हाल में दुकानें खोली जातीं।
फैसला नहीं बदला जाता तो टकराव की स्थिति हो जाती
सभी मार्केट एसोसिएशन सोमवार व मंगलवार को दुकानें खोलने पर पूरी तरह अडिग थीं, वहीं प्रशासन को सरकारी फैसला लागू करवाना पड़ता। ऐसे में सोमवार को दुकानें खोलने पर स्थिति टकराव की बन सकती थी। मगर सरकार ने दो दिन पहले ही फैसला बदलकर इस टकराव को टाल दिया। उधर, जिला एवं नगर निगम प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है, क्योंकि अब उन्हें दुकानें बंद करवाने को लेकर मशक्कत नहीं करनी पड़ेगी।
यूं चला घटनाक्रम
-सुबह 9 बजे राजगुरु मार्केट, बिश्नोई मंदिर मार्केट, हनुमान मंदिर मार्केट, पूजा मार्केट, नागोरी गेट मार्केट सहित सभी बाजारों के प्रधान एक जगह एकत्रित हुए।
-सुबह 9:30 बजे राजगुरु मार्केट से दुकानें बंद करवाने की शुरुआत हुई। इसके बाद तेलियान पुल मार्केट, डोगरान मोहल्ला बाजार में जाकर दुकानें बंद करवाई गईं।
-सुबह 10 बजे कुछ दुकानदारों की एसोसिएशन पदाधिकारियों के साथ तू-तू-मैं-मैं भी हुई। मगर बाद में उन्हें सजमझाने पर मान गए और दुकान बंद रखी।
-सुबह 10:30 बजे के बाद एसोसिएशन पदाधिकारियों तक प्रदेश सरकार के फैसले की सूचना पहुंची।
-सुबह 11 बजे के बाद सभी बाजारों में दुकानें पूरी तरह खोल दी गईं।
यह व्यापारियों की जीत
हिसार से उठी व्यापारियों की आवाज प्रदेश स्तर पर बुलंद हुई तो प्रदेश सरकार को दो दिन पहले ही केंद्र सरकार के 4.0 अनलॉक को लागू करना पड़ा है। यह व्यापारियों की जीत है। रविवार को भी हम दुकानें खुली रखेंगे।
-राजेंद्र चुटानी, प्रधान, बिश्नोई मंदिर मार्केट एसोसिएशन।