हिसार। भ्रष्टाचार निरोधक दस्ता (एसीबी) ने रिश्वत प्रकरण में सीआईए -2 के सिपाही और चालक संदीप कुमार को सोमवार को चीफ
ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट राजीव की अदालत में पेश कर एक और दिन के रिमांड पर लिया।
एसीबी की हिसार यूनिट डीएसपी शरीफ सिंह ने बताया कि आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया था। लेकिन जांच में सहयोग नहीं करने पर फिर से रिमांड पर लिया है।
इस मामले में सीआईए 2 के इंचार्ज कपिल सिहाग, सिपाही अजय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 24 अक्तूबर 2024 को सेक्टर 1-4 में छापा मारकर लितानी निवासी अमन से 5.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए उसी के गांव के रिछपाल को गिरफ्तार किया था। रिछपाल बिचौलिये की भूमिका निभा रहा था। पेट्रोल पंप संचालक अमन ने एसीबी को शिकायत में बताया था कि सीआईए-2 के मुलाजिम उसे सरकारी गाड़ी में जबरन बैठाकर ले गए और मेला ग्राउंड सेक्टर-21 में ले जाकर प्रताड़ित किया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने रुपये नहीं देने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
अमन ने बताया कि कुछ देर में लितानी निवासी रिछपाल पुलिसकर्मियों का बिचौलिया बनकर वहां आया और कहा कि तुम पुलिसकर्मियों को 17.50 लाख रुपये दे देना, तुम पर कोई केस नहीं बनने दूंगा। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी ने अमन को 5.80 रुपये देकर भेजा। जैसे ही अमन ने रिछपाल को 5.80 लाख रुपये दिए, एसीबी ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने कपिल सिहाग, अजय और संदीप का नाम नाम लिया।
इसके बाद एसीबी ने सीआईए 2 के इंचार्ज रहे इंस्पेक्टर कपिल सिहाग को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद से फरार सिपाही अजय ने भी बाद में अदालत में सरेंडर कर दिया।