सरकार द्वारा आरंभ किए गए ई राशन डिपो में बीपीएल राशन कार्ड धारकों को बायोमीट्रिक मशीनें रास नहीं आ रहीं हैं। शहर में बने राशन डिपो पर बायोमीट्रिक मशीनों में कार्ड धारकों के अंगूठों के निशान का मिलान सही नहीं हो पा रहा है। जिस कारण बीपीएल कार्ड धारकों को राशन लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि शहर में बने विभिन्न डिपो को ई राशन डिपो से जोड़ा गया है। जिस कारण राशन न मिल पाने के कारण लोगों को बार-बार डिपो के चक्कर लगाने पड़ रहे है। इसमें राशन बायोमीट्रिक सिस्टम सहित ऑनलाइन तरीके से लागू कर दिया गया है। यानी अब कार्ड धारकों को राशन डिपो से किसी भी प्रकार के सामान को लेने के लिए ऑनलाइन माध्यम से ही आवंटित किया जाता है। लेकिन बायोमीट्रिक सिस्टम में 90 प्रतिशत उपभोक्ताओं के अंगूठे के निशानों का मिलान सही न होने के कारण उन्हें राशन वितरित करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आधार कार्ड से गया है जोड़ा : आधार कार्ड को बायोमीट्रिक सिस्टम से जोड़ा गया है, जिसके अनुसार पोस्ट मशीनों पर अंगूठे के निशान को सॉफ्टवेयर के माध्यम से चेक किया जाता है। इसके बाद लोगों को राशन वितरित किया जाता है। फूड सप्लाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार कार्ड धारकों को सर्वर डाउन रहने के कारण बायोमीट्रिक सिस्टम के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि ई राशन डिपो में सभी प्रकार के राशन की संख्या, मात्रा, राशि आदि को ऑनलाइन दर्ज किया जाता है।
नया सिस्टम होने के कारण ये परेशानियां आ रहीं हैं। उपभोक्ताओं को जल्द ही इन समस्याओं से छुटकारा दिलाया जाएगा।
- राजकुमार, एएफएसओ, फूड सप्लाई विभाग, हिसार