हिसार। साई (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) में बुधवार से दो दिवसीय जूनियर जिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आगाज हुआ। पहले दिन विभिन्न भारवर्ग में महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने पंच का दम दिखाया। खास बात रही कि इस चैंपियनशिप में जूनियर एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप की गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी विनी और विधि भी पहुंचीं।
बुधवार को 52 से 54 किलोग्राम भारवर्ग में हिसार की विनी ने महक रानी को पहले राउंड में आरएससी किया, यानि बेस्ट बॉक्सर होने पर रेफरी की ओर से उसे विजेता घोषित कर दिया गया। वहीं 54 से 57 किलोग्राम भारवर्ग में सिसाय की रहने वाली विधि का फाइनल मुकाबला आज होगा। विनी भी फाइनल में खेलेगी। विनी और विधि ने इसी साल मार्च महीने में जोर्डन में हुई जूनियर एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। चैंपियनशिप जिला यूथ बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ हिसार की ओर से करवाई जा रही है। पुरुष खिलाड़ियों के सेमीफाइनल, फाइनल और महिला खिलाड़ियों के फाइनल मुकाबले वीरवार को होंगे। एसोसिएशन के प्रेजीडेंट भगत सिंह लौरा और सेक्रेटरी रविंद्र पानू ने बताया कि इस प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी 5 से 11 जुलाई तक पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होने वाली स्टेट चैंपियनशिप में भाग लेंगे। इस अवसर पर सुनील, एडवोकेट मनोज कुश, सीनियर वाइस प्रेजीडेंट आशीष गोदारा आदि मौजूद रहे।
पुरुष वर्ग
भारवर्ग विजेता प्रतिद्वंद्वी
44 से 46 किग्रा. विश्वास अनुराग
44 से 46 किग्रा. साहिल सेठी दीपक
46 से 48 किग्रा. रमन पिंटू
50 से 52 किग्रा. अमर अजय
52 से 54 किग्रा. अमन मनीष बंसल
57 से 60 किग्रा. साहिल सिहाग विशाल
57 से 60 किग्रा. योग्य प्रशांत
महिला वर्ग
44 से 46 किग्रा. कृष कीर्ति
48 से 50 किग्रा. मुस्कान खुशी
48 से 50 किग्रा. शीतल दीक्षा
52 से 54 किग्रा. विनी महक रानी
52 से 54 किग्रा. एकता नेहा
57 से 60 किग्रा. रोशनी दीया
57 से 60 किग्रा. मुस्कान खुशी
44 से 46 किग्रा. वनिशिका खुशी
जूनियर नेशनल चैंपियनशिप की तैयारी करूंगी : विधि
बॉक्सर विधि तीन साल से सिसाय में विरेंद्र सिहाग के पास प्रशिक्षण ले रही है। विधि ने बताया कि इस चैंपियनशिप में बाद वह अगस्त महीने में होने वाली जूनियर नेशनल चैंपियनशिप की तैयारी करेगी। इससे पहले वह दो बार स्टेट चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुकी है। वह सुबह-शाम 7 घंटे बॉक्सिंग का अभ्यास करती है।