तोशाम फोरलेन रोड के सेंट्रल वर्ज पर पौधे लगाने के लिए लगाया गया ट्री गार्ड व खोदा गया गड्ढा।
- फोटो : Hisar
हिसार। चंडीगढ़ की तर्ज पर मधुबन पार्क रोड व तोशाम रोड पर बोटन पाम के पेड़ के लगाए जाएंगे। ये पेड़ विशेष तौर पर सहारनपुर से मंगवाए जाएंगे। पशुओं से बचाने के लिए इन पेड़ों को ट्री गार्ड में लगाया जाएगा। वहीं 7 से 8 फुट लंबे पेड़ लगाए जाएंगे ताकि ये जल्दी से जड़ पकड़ सकें। इस एक पेड़ की कीमत करीब 700 रुपये है। हालांकि बीएंडआर की बागवानी शाखा की तरफ से इसे लेकर टेंडर किया गया है।
बता दें कि हाल ही तोशाम रोड और मधुबन पार्क रोड को फोरलेन बनाया गया है। दोनों रोड पर सेंट्रल वर्ज बनाया गया है। नई गाइडलाइन के अनुसार सेंट्रल वर्ज को टाइलों से कवर नहीं किया जा सकता है। ऐसे में विभाग की तरफ से सेंट्रल वर्ज पर हरियाली विकसित की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार तोशाम रोड पर 193 व निकाय मंत्री आवास रोड पर 80 बोटल पाम के पेड़ लगाए जाएंगे। तोशाम रोड पर कनेर के पौधे भी लगाए जाएंगे। डाबड़ा चौक से बालसमंद नहर तक ये पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए करीब 7 लाख रुपये का टेंडर किया हुआ है। एजेंसी को दो साल तक इन पौधों का रखरखाव भी करना है। उधर, मधुबन पार्क रोड पर कनेर व बोगन बेल के पौधे भी लगाए जाएंगे। इस रोड का करीब चार लाख रुपये का टेंडर है। एजेंसी को छह माह तक पौधों का रखरखाव करना है।
तोशाम रोड के सेंट्रल वर्ज पर किए जा रहे हैं गड्ढे
तोशाम रोड के सेंट्रल वर्ज पर डिवाइडर लगाने के दौरान काफी मलबा डाल दिया गया था, जो पौधरोपण की लिहाज से ठीक नहीं है। अब इन मलबे को निकालकर गड्ढे किए जा रहे हैं। अब इन गड्ढों को मिट्टी व खाद डालकर पौधे लगाए जाएंगे। यह कार्य बीएंडआर की सिविल शाखा की तरफ से किया जा रहा है। बागवानी शाखा के अनुसार चूंकि मानसून आ चुका है तो अब तक पौधे लगने जाने चाहिए थे। मगर मलबा न हटने व गड्ढे न करने से पेड़ लगाने के काम में देरी हो रही है। उधर मधुबन पार्क रोड पर पौधरोपण से पहले सेंट्रल वर्ज से सारा मलबा निकालकर उसकी जगह मिट्टी भरी गई है।
दो-चार दिन में सहारनपुर से बोटल पाम के पेड़ आ जाएंगे। पेड़ों के आने के साथ ही उन्हें लगाने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। इन पेड़ों के लगने से इन रोड को सुंदरता बढ़ेगी। - बागा सिंह, एसडीओ, बागवानी शाखा, बीएंडआर