आदमपुर में सदभाव यात्रा निकालते पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ।
हिसार। पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को अपराध के रास्ते पर धकेल दिया है। बेरोजगारी चरम पर है और रोजगार के अवसर न मिलने से युवा या तो अपराध की ओर बढ़ रहे हैं या फिर डंकी रूट से विदेश जा रहे हैं। सरकार ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है।
मंगलवार को आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पहुंचे बृजेंद्र सिंह ने अपनी सद्भाव यात्रा के दौरान लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज अपराधियों का गढ़ बन चुका है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा चुकी है।
बृजेंद्र सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने भविष्य और रोजगार अधिकारों के लिए एकजुट हों। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब युवाओं को अपने हक की आवाज बुलंद करनी होगी और भाजपा की ओर से फैलाई जा रही कट्टरता का जवाब सद्भाव और एकता से देना होगा।
उन्होंने बताया कि 30 अक्तूबर को यह यात्रा नलवा विधानसभा क्षेत्र के गंगवा-आजादनगर से शुरू होकर डिफेंस कॉलोनी, सीसीएसएचएयू, जवाहर नगर, फ्रेंड्स कॉलोनी, कैमरी रोड, हाउसिंग बोर्ड, चंद्रलेन होते हुए कैमरी, हरिकोट और मंगाली गांवों तक जाएगी। 31 अक्तूबर को यात्रा बरवाला चुंगी से प्रारंभ होकर जीजेयू, ऑटो मार्केट, बस स्टैंड, तलाकी गेट, नागोरी गेट, लक्ष्मीबाई चौक, छोटूराम चौक (फव्वारा चौक), सुभाष चौक (कैम्प चौक) होते हुए सब्जी मंडी, मोहल्ला सैनियान, नंद सिनेमा से होते हुए मिल गेट स्थित जिंदल पार्क पहुंचेगी।