हिसार। हिसार के डियर पार्क और भिवानी जू घूमने आने वाले लोगों के लिए खुशखबरी हैं। अब लोग यहां भ्रमण करने से पहले ही वन्य जीवों के बारे में पता लगा पाएंगे। इसको लेकर डियर पार्क और भिवानी जू में ज्ञान केंद्र बनाया जाएगा। दोनों ज्ञान केंद्र पर करीब 80 लाख रुपये की लागत आएगी। अब वन्य प्राणी विभाग की ओर से इसको लेकर जल्द ही डिजाइन और एस्टीमेट तैयार कर भेजा जाएगा।
डियर पार्क व भिवानी जू में बनने वाले ज्ञान केंद्र में लोगों को पहुंचने से पहले वन्य जीवों की उम्र, कब पैदा हुआ, जन्म कहा हुआ, कहा से लाया गया, नाम क्या है, क्या खाते हैं सहित तमाम जानकारी मिलेगी। दोनों गेट पर एक-एक कमरा बनाया जाएगा, जिसमें बड़ी एलईडी लगेगी। यहां कमरे में भी वन्य जीवों के महत्व के बारे में पेंटिंग बनाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसको लेकर विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
घूमकर चले जाते हैं लोग, नहीं होती जानकारी
डिविजनल वाइल्ड लाइफ ऑफिसर वेदप्रकाश का कहना है कि बच्चों को डियर पार्क और जू घूमने का काफी शौक होता है। कई घंटे जू में बिताते हैं, लेकिन उन्हें ये नहीं पता होता कि ये जानवर किस प्रजाति का है। इसका नाम क्या रखा हुआ है। कहा से यहां लाया गया है, भोजन क्या खाते हैं। ऐसे में ज्ञान केंद्र बनने से लोगों को वन्य जीवों के बारे में तमाम जानकारी हासिल होंगी।
जल्द तितली के साथ सेल्फी लेते नजर आएंगे
डियर पार्क में निर्माणाधीन तितली पार्क का काम अंतिम चरण में चल रहा है। अब जल्द ही बच्चों से लेकर बड़े लोग रंग-बिरंगी तितलियों के साथ सेल्फी लेते नजर आएंगे। इस पार्क में ईंटों से चार बड़ी क्यारी बनाकर तितलियों के मनपसंद पौधे लगाए गए हैं। यहां आने वाले लोगों को तितली के महत्व के बारे में भी पता चलेगा।
एक नजर में डियर पार्क
- कुल क्षेत्र 46 एकड़ में
- कुल हिरण 114
- प्रजाति पहाड़ा, चिंकारा, काला और सांभर हिरण
- निर्माण वर्ष 1987
एक नजर में भिवानी जू
- कुल क्षेत्र करीब 10 एकड़
- जानवर व पक्षी 18 बाड़ों में 100 से ज्यादा
- निर्माण वर्ष 1982
डियर पार्क व भिवानी जू में ज्ञान केंद्र बनाया जाएगा। इसको लेकर एस्टीमेट और डिजाइन तैयार कर भेजा जाएगा। ज्ञान केंद्र बनने से लोगों को वन्य जीवों के बारे में काफी जानकारी मिलेगी। - वेदप्रकाश, डिविजनल वाइल्ड लाइफ ऑफिसर, वन एवं वन्य जीव संरक्षण विभाग