हिसार। साइबर थाना हिसार पुलिस द्वारा मंगलवार को फर्जी परिवार पहचान पत्र मामले में एक और आरोपी माजरा प्याऊ नारनौंद निवासी सोनू कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोनू कुमार की कमीशन के आधार पर एक महिला का फर्जी लेबर कार्ड बनवाने में संलिप्तता पाई है। आरोपी को पूछताछ उपरांत न्यायालय में पेश किया गया। वहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
यह मामला अतिरिक्त उपायुक्त-कम-जिला नागरिक संसाधन एवं सूचना अधिकारी, हिसार द्वारा थाना उकलाना में दर्ज कराई गई शिकायत से संबंधित है। जिसमें बताया गया था कि कुछ सीएससी संचालकों द्वारा परिवार पहचान पत्र के प्रतिबंधित मॉड्यूलों जैसे व्यवसाय परिवर्तन, फैमिली आईडी स्प्लिट, लेबर कार्ड अप्रूवल आदि में गैर-अधिकृत और अवैध रूप से संशोधन कर आमजन से अवैध धन वसूली की जा रही है। जिसके बारे में थाना उकलाना में विभिन्न धाराओं के तहत 14 अप्रैल 2023 को मामला दर्ज किया गया था।
जांच में सामने आया था कि आरोपी द्वारा सुनियोजित तरीके से फैमिली आईडी डेटा में छेड़छाड़ की गई, जो कि हरियाणा परिवार पहचान अधिनियम, 2021 के सेक्शन 35 एवं 36 के तहत गंभीर दंडनीय अपराध है। इस प्रकरण में अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।