हिसार। महाराजा अग्रसेन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के मेगा प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए रविवार को बीएंडआर विभाग की ओर से धान्सू रोड को बंद कर दिया है। अब गांव के ग्रामीणों को हिसार आने के लिए वाया मिर्जापुर होकर करीब 15 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा। वहीं बरवाला रोड पर पेड़ों की कटाई शुरू कर दी है। इसे लेकर जगह-जगह चेतावनी बोर्ड भी लगा दिए हैं। संभावना है कि जल्द ही इस रोड को भी बंद कर दिया जाएगा।
उधर, वैकल्पिक रोड की मांग को लेकर हिसार बरवाला एयरपोर्ट रोड संघर्ष समिति ने विधायक जोगीराम सिहाग को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने कहा कि जहाज चलने से पहले वैकल्पिक रोड बनाया जाए। बता दें कि हिसार एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाना है। इसी को लेकर हवाई पट्टी को 3300 मीटर तक बढ़ाया जाना है। चूंकि हिसार-बरवाला व हिसार-धान्सू रोड एयरपोर्ट के दायरे में आएंगे। इसी के चलते इन दोनों रोड को बंद किया जाना है।
पहले धान्सू से हिसार आने के लिए सीधा रास्ता था और हिसार से धान्सू की दूरी करीब 9 किलोमीटर थी। अब धान्सू रोड को बंद कर दिया गया है। अब ग्रामीणों को वाया मिर्जापुर होकर हिसार आना पड़ेगा। इसके लिए उन्हें 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी। बीएंडआर ने यह रोड तैयार कर दिया है। इस रोड की चौड़ाई सात मीटर है। हालांकि इनके लिए हिसार आने का एक अन्य विकल्प भी है। इसके लिए उन्हें वाया सिरसा बाईपास से हिसार-सिरसा नेशनल हाईवे से हिसार आना होगा। हालांकि इसके लिए उन्हें 27 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी।
बरवाला रोड का विकल्प अभी तैयार नहीं
अभी तक बीएंडआर ने हिसार-बरवाला रोड को बंद नहीं किया है। मगर 30 सितंबर को नागरिक उड्डयन विभाग के एसीएस ने जिला प्रशासन को बरवाला रोड के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने के आदेश दिए थे। उसी के तहत हिसार-बरवाला रोड पर पेड़ों की कटाई शुरू कर दी गई है। संभावना है कि इस रोड को जल्द ही बंद कर दिया जाएगा।
विधायक से मिली समिति
हिसार-बरवाला एयरपोर्ट रोड संघर्ष समिति एडवोकेट ओमप्रकाश कोहली की अध्यक्षता में विधायक जोगीराम सिहाग से मिली। समिति ने कहा कि हिसार-बरवाला रोड बंद किया जा रहा है। इसके लिए जल्द वैकल्पिक रोड बनाया जाए। किसानों ने ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से जमीन अधिग्रहण के लिए अपनी स्वीकृति दे रखी है, लेकिन अभी तक नया रोड मंजूर नहीं हुआ। इस कारण से उकलाना व बरवाला के दर्जनों गांवों के लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। धान्सू व बरवाला में जगह-जगह अवरोधक लगा दिए हैं।
संघर्ष समिति ने रखे सुझाव
हिसार-बरवाला रोड संघर्ष समिति ने जिला प्रशासन के सामने कुछ सुझाव रखे हैं। समिति की मानें तो तलवड़ी गांव से दिल्ली बाईपास स्थित कुरुक्षेत्र गोशाला के बीच (एयरपोर्ट की दीवार के साथ-साथ) में एक रोड बनाया जा सकता है। खास बात यह है कि इस रोड के निर्माण के लिए कहीं भी निजी जमीन नहीं खरीदनी पड़ेगी। इस रोड के बनने से हिसार-धान्सू के बीच की दूरी करीब 11 किलोमीटर तो हिसार-तलवंडी राणा के बीच की दूरी करीब 9 किलोमीटर रह जाएगी। इसके अलावा एक अन्य विकल्प यह है कि एक रोड तलवंडी राणा स्थित पेट्रोल पंप से
वाया मिर्जापुर बाईपास बनाकर बनाया जा सकता है, मगर इसके लिए करीब 90 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करना होगा। सरकार की तरफ से ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से किसानों से सहमति भी मांगी गई थी, जिस पर ज्यादातर किसानों ने अपनी सहमति दे दी है। अगर रोड बनता है तो हिसार-धान्सू के बीच की दूरी 7 और हिसार-तलवंडी राणा के बीच की दूरी 10 किलोमीटर रह जाएगी
वैकल्पिक रोड बनाने की मांग को लेकर कई गांवों की पंचायतें मुझसे मिली थीं। मैं इस बारे में मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री से बात करूंगा। ग्रामीणों के लिए जहाज चलने से ज्यादा जरूरी सड़क है। - जोगीराम सिहाग, विधायक, बरवाला