हिसार। बूढ़े हो चुके पेड़ों के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार ने 75 साल से अधिक आयु के वृक्षों के लिए प्राण वायु देवता पेंशन योजना लागू की गई है। पेंशन के रूप में दो हजार 500 रुपये सालाना उस व्यक्ति को दिए जाएंगे, जिनके घर या निजी जमीन पर पुराना वृक्ष है। ऐसे पेड़ों को पेंशन मिलने का इंतजार अब खत्म हो चुका है। जिले से 372 आवेदनों में से 229 पेड़ पेंशन के हकदार हो चुके हैं। अब करीब दो साल बाद उन्हें पेंशन मिलनी शुरू हो जाएगी। वन विभाग की ओर से इन पेड़ों की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी। वहीं, वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पेड़ों को लेकर किसी को कोई आपत्ति है तो वह कार्यालय में अपने सुझाव भिजवा सकता है।
गौरतलब है कि जिले से वन विभाग के पास 372 पेड़ों के लिए आवदेन आए थे। इसके बाद जिला वन अधिकारी पवन ग्रोवर की अध्यक्षता में कमेटी तैयार की गई। इस कमेटी में नगर निगम, डीसी का प्रतिनिधित्व, डीडीपीओ का प्रतिनिधित्व सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
कभी होती थी पेड़ के नीचे पंचायत
जिमखाना क्लब के सामने रोड पर आज भी बरगद का पेड़ है। इस पेड़ की उम्र 95 साल बताई जा रही है। एक समय ऐसा था कि इस पेड़ से कुछ ही दूरी पर सदर थाना होता था। इसी पेड़ के नीचे पंचायत से लेकर समझौते होते थे। आज हिसार में कई ऐसे पेड़ हैं, जो अपने आप में कई कहानियां समेटे हुए हैं। हिसार में कई जगह 75 साल से भी ज्यादा पुराना पेड़ हैं। विद्युत नगर में 82 साल, कृष्णा नगर में 75 साल, टैक्सी स्टैंड के पास 87 साल, रेड स्क्वेयर मार्केट में 78 साल पुराना पेड़ है।
हमारे पास पेड़ों के लिए 372 आवेदन आए थे। पेड़ों की उम्र की जांच की गई, 229 पेड़ पेंशन के हकदार मिले हैं। अब हमारी ओर से रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी। - पवन ग्रोवर, जिला वन अधिकारी