हिसार। नई अनाजमंडी में डीएपी, यूरिया नहीं मिलने पर अब किसान एनपीके खाद लेने के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि इस खाद की डिमांड कम है। शुक्रवार को सोसायटी हैफेड कार्यालय पर शाम पांच बजे तक खाद के 100 बैग बांटे गए। उधर, मंडी में न तो डीएपी और न ही यूरिया खाद पहुंची।
बता दें, कि शुक्रवार को ही मंडी में एनपीके खाद का ट्रक पहुंचा था। इस दौरान सिरसा से खाद के 680 बैग पहुंचे। इनमें से 100 बैग का वितरण किया गया। अब स्टॉक में 580 बैग रखे हैं, जोकि शनिवार को बांटे जाएंगे। सोसायटी हैफेड के लेखाकार सुंदरलाल का कहना है कि एनपीके खाद में 20 प्रतिशत नाइट्रोजन, 20 प्रतिशत फास्फेट, जीरो पोटाश और 13 प्रतिशत सल्फर हैं। इस खाद और यूरिया व डीएपी खाद में काफी अंतर है। ऐसे में किसान इस खाद को काफी कम खरीद रहे हैं। मंडी में पहुंचे किसान यूरिया और डीएपी खाद की डिमांड कर रहे हैं।
यूरिया और डीएपी खाद का स्टॉक खत्म हो चुका हैं। फिलहाल हमारे पास एनपीके खाद ही उपलब्ध है, जो किसान एनपीके खाद लेना चाहते हैं वह शनिवार को सुबह 10 बजे सोसायटी हैफेड कार्यालय से ले सकते हैं। - सुंदरलाल, लेखाकार सोसायटी हैफेड