हांसी। आगामी दिनों में चलने वाली लू से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा जारी भविष्यवाणी के अनुसार जल्द ही गर्म हवाओं के चलने के आसार है। सभी विभागों को आम लोगों व पशुओं को लू से बचाने के लिए अग्रिम प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम मोहित महराणा ने बताया है कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग को ओआरएस, सभी आवश्यक दवाइयों की सभी हेल्थ सेंटर पर आपूर्ति करने तथा लू पीड़ित मरीजों के लिए सीएचसी, पीएचसी व नागरिक अस्पताल में व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस सेवा को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पशुपालन और डेरी विभाग के स्टाफ को भी पशुओं को लू से बचाने के लिए गांवों में पीने के पानी की व्यवस्था करने, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की पर्याप्त मात्रा में सप्लाई करने की निर्देश दिए। बिजली विभाग को पर्याप्त बिजली आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि लू के प्रभाव से बच्चों को बचने के लिए स्कूल के समय सारणी में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि गर्मी में लू के चलने से हमारे शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में जरूरी है कि हम थोड़े-थोड़े अंतराल पर पानी पीते रहें।