हांसी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिला प्रक्रिया जून के प्रथम सप्ताह में दाखिला लेने की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। दाखिले के लिए आवेदन ऑनलाइन होंगे। विभाग द्वारा आगामी दिनों में तय शेड्यूल जारी किया जाएगा।
शहर में दो आईटीआई हैं। दिल्ली रोड पर स्थित एक आईटीआई छात्रों के लिए है व एक महिला आईटीआई है। छात्रा आईटीआई में 18 कोर्स हैं। जिसमें करीब 1000 सीटें हैं। वहीं महिला आईटीआई में पांच कोर्सों पर 156 सीटें हैं। दोनों आईटीआई में कुल 1156 सीटें हैं। वहीं तीन प्राइवेट आईटीआई हैं। बरवाला रोड स्थित श्रीराम आईटीआई, सुल्तानपुर में बालाजी आईटीआई व थुराना में श्री कृष्णा आईटीआई है। इन सभी पर जून के प्रथम सप्ताह से दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। पहले सप्ताह में दाखिले के आवेदन होंगे। आवेदन बीते वर्षों की तरह ऑनलाइन होंगे। वहीं मेरिट के आधार पर दाखिले होंगे। दाखिले का शेड्यूल अभी तक विभाग द्वारा जारी नहीं किया गया है, लेकिन विभाग ने आईटीआई संस्थानों को दाखिले की प्रक्रिया की तैयारी के लिए कह दिया है। वहीं इन संस्थानों में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति का कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है।
इतने हैं कोर्स दोनों राजकीय संस्थानों में
महिला आईटीआई में कॉस्मेटोलॉजी, स्टेनो, इलेक्ट्रॉनिक, सिलाई व एंब्रायडरी से संबंधित पांच ट्रेड की 156 सीटें हैं। वहीं छात्र आईटीआई में वेल्डर से संबंधित चार तरह की ट्रेड, इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्राम असिसटेंट, ड्राफ्टमैन, डीजल मैकेनिक, रेफ्रिजरेशन व एसी टैक्निशियन, फीटर, मशीनिस्ट जैसे 18 तरह की ट्रेड हैं। संस्थान में इनके एक से दो यूनिट हैं। यहां कुल एक हजार सीट हैं। यह सभी एक से दो वर्ष के कोर्स हैं।
दाखिला की प्रक्रिया जून के प्रथम सप्ताह में शुरू होगी। इसके लिए जल्दी ही शेड्यूल जारी होगा। जिन बच्चों ने दाखिला लेना है वह अभी से अपनी तैयारी रखें।
- राजेंद्र कुमार, प्रिंसिपल, राजकीय आईटीआई