आदमपुर विकास रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने हलका के विकास के लिए 180 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की है। जिनमें से 50 करोड़ रुपये केवल आदमपुर क्षेत्र में नहरी सिंचाई और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए खर्च किए जाएंगे। सीएम ने आदमपुर के लोगों को कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में अन्य विकास कार्यों के लिए 15 करोड़ रुपये तक के अतिरिक्त काम करवाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पिछले दो साल में आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में 35 करोड़ रुपये विकास कार्यों में खर्च किए जा चुके हैं। सीएम मनोहरलाल ने वैसे तो विकास की घोषणाएं कर दी मगर आदमपुर की मुख्य मांग आदमपुर को उपमंडल बनाने की उम्मीद जनता की पूरी नहीं हो सकी।
ये हैं मुख्य घोषणाएं
-सिंचाई के लिए 50 करोड़
- बालसमंद व आदमपुर में महिला कॉलेज अगले साल
- नई सड़कें
- बुड़ाक में आयुर्वेदिक अस्पताल और पुरानी इमारतों की मरम्मत
- आदमपुर में नए वाटर टैंक बनाने और पुरानों की मरम्मत
- ढंढ़ूर में बूस्टिंग स्टेशन
- दड़ोली माइनर
- बुड़ाक और सीसवाल में अस्पताल की रेनोवेशन
- कालीरावण में डिस्पेंसरी
- मंडी आदमपुर में अस्पताल का रेनोवेशन
- आदमपुर और दुर्जनपुर, जागान, कालीरामण में स्टेडियम बनेगा।
- खारिया से काबरेल तक सड़क
- काबरेल से सलेमगढ़ तक सड़क।
- काबरेल से बगला तक सड़क।
- मंडी आदमपुर और दड़ौली रोड फाटक पर रेलवे ओवर ब्रिज और अंडर पास।
- न्योलीकलां फाटक पर ओवर ब्रिज।
कैप्टन बोले, मंच पर सौगंध खाने वाले वापस कांग्रेस में जा मिले
वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने आदमपुर के विधायक कुलदीप बिश्नोई पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने हमारे साथ गठबंधन किया, जिसे हमने तो पूरी ईमानदारी के साथ निभाया, लेकिन वो परिवारवाद से बाहर नहीं निकल पाए। जो मंचों पर सौगंध खाते थे कि वे कभी कांग्रेस में नहीं जाएंगे आज वे कांग्रेस में जा मिले। चाहे हलके में किसी भी पार्टी का विधायक हो विकास के मामले में समानता बरती जा रही है। उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री के नोट बंदी के निर्णय को एतिहासिक बताया। कहा कि हरियाणा की राजनीति में लालों की भागीदारी थी, लेकिन ये सब लाल अपने परिवार तक ही सीमित रहे। मगर हमारे प्रदेश के सीएम मनोहरलाल जैसा आज तक कोई सीएम नहीं रहा।
सभी हलकों का समान विकास किया
विकास रैली में बीजेपी अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश के सभी हलकों का समान विकास किया है। इसके लिए मुख्यमंत्री स्वयं 90 हलकों में गए हैं और विकास कार्यों की घोषणा की है। विकास रैली की भीड़ इस बात का संकेत है कि अब जनता कुलदीप बिश्नोई को संदेश देने का मन बना चुकी है, क्योंकि जनता किसी से बंधी नहीं है।
इन्होंने भी किया संबोधित .....
विकास रैली को संबोधित करते हुए मुख्य संसदीय सचिव डॉ. कमला गुप्ता ने कहा कि विकास रैली में उपस्थित भीड़ भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर मुहर लगा रही है। रैली को जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र पूनिया, अनुसूचित जाति एवं वित्त विकास निगम की चेयरपर्सन सुनीता दुग्गल, मंदीप मलिक, सीमा गैबीपुर आदि ने भी संबोधित किया।
जनसभा में मास्टर हरिसिंह, कैप्टन भूपेन्द्र सिंह, सीएम के राजनीतिक सलाहाकार जगदीश चोपड़ा, हैफेड के चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, हरियाणा खादी बोर्ड के चेयरमैन संजय भाटिया, ब्लॉक समिति चेयरमैन हंसराज बैनीवाल, जिला प्रभारी जवाहर सैनी, आशा खेदड़, एडवोकेट योगेश सिहाग, सुजीत कुमार, सोनाली फौगाट, जयपाल बेंदा, ज्योति बैंदा, प्रोफेसर छत्रपाल, अरूण दत, भूप सिंह, पवन खारिया, सुभाष जैन, सुखबीर डूडी, सहित अनेक बीजेपी नेता व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।