मंडी आदमपुर (हिसार)। हरियाणा में बदलाव की नींव आदमपुर उपचुनाव से पड़ेगी। भाजपा सरकार ने हरियाणा को विकास की पटरी से उतार दिया। न कोई नया निवेश हुआ, न रोजगार आया। सरकार निजीकरण की तरफ बढ़ रही है। आठ साल से कोई भर्ती नहीं निकाली, उलटे शिक्षकों को नौकरी से निकाल दिया। स्कूल बंद कर दिए। यही कारण है कि आज प्रदेश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। ऐसी सरकार हरियाणा के लोगों ने पहली बार देखी जिसने हर वर्ग को सड़क पर लाकर खड़ा कर दिया है। इस सरकार ने स्कूली बच्चों को कक्षाओं में बैठने के बजाय धरने पर बैठने को मजबूर कर दिया। ये बातें राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने रविवार को गांव आदमपुर में आयोजित जनसभा में बोलते हुए कही।
उन्होंने कहा कि हरियाणा स्टेट अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन ने अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर की अनाज मंडियों में हड़ताल का एलान किया है। आढ़तियों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि सरकार की तरफ से कभी दाम कम करके, राज्य की सीमा के नजदीकी ग्राहकों की उपज बेचने से रोककर, अन्य राज्यों से अधिक फीस वसूलकर और अब ई-नाम बिडिंग को लागू करके परेशान किया जा रहा है। सरकार आढ़ती एसोसिएशन की हड़ताल शुरू होने से पहले ही उनकी जायज मांगों को मानकर समस्या का समाधान कराए। सांसद ने कहा कि जो हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, निवेश, खेल-खिलाड़ी, कृषि उत्पादकता, रोजगार दर, विकास में नंबर वन था, उसे भाजपा-जजपा ने अपराध, बेरोजगारी, महंगाई में नंबर वन बना दिया है।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश, विधायक राव दान सिंह, सभा के आयोजक संजय ज्याणी, संपत सिंह, सुभाष गोयल, प्रहलाद सनिंह गिल्लाखेड़ा, रामनिवास घोड़ेला, रणधीर सिंह धीरा, कुलबीर बेनीवाल, नरेश सेलवाल, भरत सिंह बेनीवाल, रामभगत शर्मा, कर्ण सिंह रानोलिया, संजय ज्याणी और अश्विनी ज्याणी मौजूद रहे। वहीं, सभा में सांसद दीपेंद्र हुड्डा की मौजूदगी में संजय कल्याणा बिश्नोई, प्रियवर्त बिश्नोई, कैप्टन कृष्ण, ओमप्रकाश बिश्नोई, कालूराम, आत्माराम थालौड़, विजय सिंह गायणा, रोहतास कांग्रेस में शामिल हुए।