नारनौंद। वाल्मीकि मोहल्ला स्थित थैला पाना में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ अभद्रता, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। ईएचसी सुरेंद्र की शिकायत पर नारनौंद निवासी नरेश, राकेश, आशीष और नरेश की पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। महिला आरोपी मौके से निकल गई।
जांच अधिकारी रमेश चंद्र के अनुसार, 7 जुलाई की रात करीब 10 बजे पीसीआर-3 के इंचार्ज ईएचसी सुरेंद्र अपनी टीम के साथ वाल्मीकि मोहल्ला पहुंचे थे। वहां नरेश, राकेश, आशीष और नरेश की पत्नी मिले। आरोप है कि चारों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कहा कि पुलिस उनकी मदद नहीं करेगी।
पुलिस के अनुसार, टीम ने मौके पर झगड़ा करने वाले लोगों की तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला। इसी दौरान उक्त लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मी वहां से थाने लौट आए। कुछ देर बाद आरोपी भी थाने पहुंच गए और वहां शिकायत देने की बात को लेकर हंगामा करने लगे। आरोप है कि उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों के साथ बहस भी की।
जांच अधिकारी रमेश चंद्र ने बताया कि पूछताछ के दौरान आशीष ने कथित रूप से अपना सिर थाने में रखी मेज और अलमारी पर मार लिया जिससे मेज का शीशा टूट गया। पुलिसकर्मियों ने उसे काबू में किया ताकि उसे चोट न लगे। इसी दौरान अन्य आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और थाने से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने आरोपियों का नागरिक अस्पताल नारनौंद में मेडिकल कराया। पुलिस के अनुसार, मेडिकल में नरेश के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस महिला आरोपी की तलाश कर रही है।