नवनियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी का स्वागत करते हुए। संवाद
हांसी। हरियाणा के 23वें जिले के रूप में अस्तित्व में आने के बाद हांसी अब प्रशासनिक रूप से और सशक्त हो रहा है। इसी क्रम में हांसी जिले को अपना पहला जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) मिल गया है। नवनियुक्त डीईओ महेंद्र सिंह ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। अगले एक सप्ताह में शिक्षा विभाग का जिला कार्यालय पूरी तरह से संचालित हो जाएगा। इससे स्कूल संचालकों और कर्मचारियों को विभागीय कार्यों के लिए हिसार के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, सभी कार्य हांसी में ही संपन्न होंगे।
डीईओ के स्वागत में वीरवार को शहर के एक होटल में समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने बताया कि जिले में शिक्षा विभाग का स्वतंत्र कार्यालय स्थापित करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। निदेशालय स्तर पर बजट और आवश्यक पदों के आवंटन की कार्रवाई जारी है। कार्यक्रम में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के प्रतिनिधि दिनेश कौशिक, सरदार हरेंद्र पाल, मास्टर रामावतार, मास्टर राजबीर वर्मा और मास्टर सुनील धनखड़ सहित अन्य शिक्षाविद् मौजूद रहे।
एआई आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने पर रहेगा जोर
डीईओ ने कहा कि उनका लक्ष्य हांसी को शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल करना है। इसके लिए विद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने, स्कूल रिकॉर्ड को डिजिटल बनाने, सरकारी और निजी विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और नैतिक मूल्यों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिक्षा विभाग सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ समान व्यवहार करेगा। उन्होंने निजी स्कूल संचालकों से नियमों का गंभीरता से पालन करने, स्कूल बसों और विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने तथा संबद्धता संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।