हिसार। सदर थाना पुलिस ने डेबिट कार्ड बदलकर 50 हजार रुपये निकलवाने के यूपी के सहारनपुर निवासी जगमोहन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे 2 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक नवीन कुमार ने बताया कि सातरोड निवासी सतेंद्र नारायण राय ने शिकायत देकर बताया था कि वह 9 मार्च को कैंट के सामने की मार्केट में पीएनबी के डेबिट कार्ड से पैसे निकालने गया था। इस दौरान एक व्यक्ति उसके पास खड़ा था। मशीन में कार्ड डालने पर रिमूव कार्ड का विकल्प आने पर रुपये नहीं निकले और वहां से चला गया। कुछ समय बाद खाते से 15, 10 और 25 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। जांच में सामने आया कि आरोपी जगमोहन पहले भी इसी प्रकार की वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ सहारनपुर, अंबाला और हिमाचल प्रदेश में भी केस दर्ज हैं।