आर्य समाज नागोरी गेट में सत्संग के बाद बैठक में विवाद होने का मामला सामने आया है। संघर्ष समिति के सदस्यों ने ट्रस्ट के पदाधिकारी पूर्व मंत्री हरिसिंह सैनी व उनके बेटे पर मारपीट कर धक्के मारकर उन्हें बाहर निकालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले के बारे में सतबीर शेखावत ने पुलिस को शिकायत दी है। विवाद में घायल हुए लोगों को को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सतबीर शेखावत व श्याम जाखड़ ने बताया कि वे लोग सत्संग में गए हुए थे। सत्संग खत्म होने के बाद जब उन्होंने कहा कि उन्हें भी बोलने का मौका दिया जाए तो इस बात पर बहस हो गई। शेखावत का आरोप है कि उन्होंने पुराने सदस्यों की सूची और नए सदस्यों को प्रवेश करवाने के लिए प्रवेश पत्र मांगे तो हरिसिंह सैनी व उनके लड़के ने उनपर हमला कर दिया। आरोप है कि कुछ बदमाशों ने श्याम जाखड़ का हरिसिंह सैनी व उनके बेटे के कहने पर अपहरण का प्रयास करते हुए बंधक बनाने की कोशिश भी की। मगर बुजुर्गों के बीच में आने के कारण उनका प्रयास असफल हो गया।
इसी बीच किसी ने मामले के बारे में पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर वहां मौजूद बदमाश भाग खड़े हुए। इस छीना झपटी में श्याम जाखड़ की सोने की चेन टूटकर नीचे गिर जाने की बात भी कही जा रही है। जाखड़ ने आरोप लगाया है कि सैनी गुट के सदस्य आर्य समाज मंदिर के बाहर गाड़ियों में मौजूद थे।
इन्हीं गाड़ियों में श्याम जाखड़ का अपहरण कर ले जाने का प्रयास किया गया जो असफल हो गया।
सिटी थाना में दी पुलिस को शिकायत संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने सिटी थाने में जाकर हरिसिंह सैनी, उनके पुत्र व कुछ अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी। थाने में शिकायत देने मौके पर दलबीर सिंह आर्य पूर्व एसडीओ, मुंशीराम आर्य पूर्व कमांडेंट, आर्य विजेंद्र दलाल, प्रधान आर्य समाज आदमपुर मंडी ललित आर्य, सुरेश आर्य, नरेंद्र आर्य, चतर सिंह आर्य, लीलूराम आर्य व सतबीर आर्य सहित अनेक लोग उपस्थित थे।
कुछ लोग बेवजह आरोप लगा रहे हैं। कोई कुछ भी कह सकता है। वेद सप्ताह शुरू होने वाला है। कार्यक्रम शांतिपूर्वक ना हो इसके लिए बेवजह अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। शेखावत अग्रोहा से यहां आता है। यहां ये मेंबर भी नहीं है। अभी तीन से चार बार से आना शुरू हुआ है।
- हरिसिंह सैनी, पूर्व मंत्री, पदाधिकारी आर्य समाज नागोरी गेट