नारनौंद। थाना क्षेत्र के गांव संदलाना निवासी एक युवक पर रंजिशन हमले के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस को दिए बयान में गांव संदलाना निवासी सचिन ने बताया कि वह खेड़ी चोपटा स्थित जिओ स्टोर में काम करता है। उसके दोस्त प्रदीप और गांव के ही रमन के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों का समझौता भी करवा दिया गया था। इसके बावजूद रमन लगातार उसके दोस्त को धमका रहा था। सचिन ने बताया कि उसने रमन को ऐसा करने से मना किया था।
पीड़ित के अनुसार 5 मई की सुबह वह बाइक पर सवार होकर गांव संदलाना से खेड़ी चोपटा स्थित स्टोर जा रहा था। तभी कापड़ो कैंची के पास रमन अपने 7-8 साथियों के साथ बाइक पर वहां पहुंचा और उसकी बाइक के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली और रमन ने डंडे से उसके कंधे व हाथ पर वार कर दिया। इसके बाद सभी युवकों ने मिलकर उस पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया।
सचिन ने बताया कि वह जान बचाकर भागने लगा तो आरोपी पीछा करते हुए उसे जमीन पर गिराकर पीटते रहे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
इसके बाद उसने अपने भाई प्रवीन और अजय को फोन किया। उन्होंने उसे सीएचसी मिर्चपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हिसार रेफर कर दिया। पुलिस के जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन आरोपियों के खिलाफ सबूत जुटाए जा रहे हैं।