हिसार। गांव सीसवाल के पवन कुमार (20) की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई। उसका शव रविवार सुबह स्कूल के कमरे में पड़ा मिला। शव के पास सिरिंज पड़ी थी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। आदमपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
मृतक के चाचा विनोद ने बताया कि पवन गांव में सैलून चलाता था। उनके पिता रोहताश का पहले निधन हो चुका है। वह काफी दिनों से हेरोइन का नशा करता था। नशा छुड़वाने के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती भी कराया, लेकिन केंद्र से बाहर आने के बाद उसने फिर से नशा करना शुरू कर दिया। शनिवार रात करीब आठ बजे वह खाना खाने के बाद घर से बाहर निकला था, लेकिन लौटा नहीं।
इस पर परिजनों को अनहोनी की आशंका सताने लगी। रविवार सुबह उसकी तलाश शुरू की गई पर पता चला नहीं। इस दौरान गांव के कुछ युवक सुबह स्कूल में खेलने गए। युवकों ने देखा कि पवन कमरे में मृत पड़ा है। विनोद ने बताया कि नशे की ओवरडोज के कारण पवन की मौत हुई है। उसकी दो बहनें और एक भाई है।
जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि सुबह स्कूल में युवक के मृत पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने बताया कि युवक नशे का आदी था। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई की है।