हिसार। सोफिया स्पोर्ट्स एकेडमी में रविवार को खेले गए टी-20 हैवीवेट क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मैच में जीसी हीरोज ने लुवास जायंट्स को 63 रन से शिकस्त दी। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए परविन्दर दलाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जीसी हीरोज ने मुश्किल पिच पर 6 विकेट खोकर 165 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पावर प्ले में ही सलामी बल्लेबाज राकेश 12 रन और कप्तान मोहन 16 रन बनाकर पैवेलियन लौट गए। इसके बाद परविन्दर दलाल और सुमित पंघाल ने मोर्चा संभाला। सुमित ने 41 गेंदों में 50 रन की पारी खेली जबकि परविन्दर दलाल ने 36 गेंदों पर नाबाद 51 रन बनाए। पारी के अंत में कुलदीप कुमार ने 7 गेंद पर ताबड़तोड़ 15 रन जोड़े। लुवास जायंट्स की ओर से डाॅ. सतबीर शर्मा व डॉ. गौरव ने दो-दो विकेट लिए।
वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी लुवास जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जीसी हीरोज के तेज गेंदबाज राकेश ने पावर प्ले में ही लुवास जायंट्स के तीन बल्लेबाजों को पैवेलियन की राह दिखाई। मध्य क्रम में अनिल बेनीवाल व कप्तान विकास खरब ने पारी को कुछ हद तक संभाला लेकिन टीम को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा सके। लुवास जायंट्स की पूरी टीम 102 रन पर ढेर हो गई। जीसी हीरोज की तरफ से राकेश ने तीन, कप्तान मोहन व परविन्दर दलाल ने दो-दो व कुलदीप सिंह ने एक विकेट हासिल किया।