हिसार। हत्या के प्रयास के मामले में गवाह पर फाग वाले दिन तेजधार हथियार से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर सोने की चेन और नकदी लूट ले गए। बीच-बचाव करने आए गवाह के दोस्त पर भी हमला किया। साथ ही दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर किया। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घायल सातरोड़ खुर्द निवासी गौरव की शिकायत पर सात नामजद समेत 20 अन्य के खिलाफ मारपीट, छीना झपटी, तोड़फोड़ और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
एक साल से चली रही है रंजिश
सातरोड़ खुर्द गांव के रहने वाले गौरव ने बयान में बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। 18 मार्च को वह अपने दोस्त पवन और यशदीप के साथ अपनी कार में सवार होकर किसी काम के लिए गांव से शहर आ रहे थे। जब हम बीएचपी कॉलोनी की तरफ मुड़े तो रास्ते में सुमित, रोहित, अनिल और अन्य ने रास्ता रोक लिया और बोले की आज गौरव को नहीं छोड़ना। यह देख कर पवन गाड़ी से नीचे उतरा और भाग गया। बाद में मुझे और मेरे दोस्त यश्दीप को गाड़ी से नीचे उतरा। सुमित ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर दिया। इसके अलावा सुुुमित ने गले में पहनी हुई छह तोले की सोने की चेन तोड़ ली। रोहित और विष्णु ने जेब में रखे 25 हजार रुपये निकाल लिए। जब यशदीप ने उनका विरोध किया तो उस पर भी तेजधार हथियार से हमला किया। घटना का पता चलने पर उसके पिता राजपाल और भाई हैप्पी मौके पर पहुंचे और उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल गौरव ने बताया कि एक साल पहले सुमित और रोहित ने हमारे गांव के विशाल पर चाकू से हमला कर घायल किया था। उस मामले में गवाह हूं। इसी रंजिश को लेकर हमला किया है। सदर थाना पुलिस ने सात नामजद समेत अन्य पर केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।