हिसार। हिसार-भादरा स्टेट हाईवे पर बुधवार को आर्यनगर में तूड़े से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली धंस गई। ट्रॉली का टायर सड़क से उतरते ही संतुलन बिगड़ गया। इससे एक तरफ का आवागमन दिनभर प्रभावित रहा। इसे निकालते समय टूटकर ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया।
ट्रैक्टर ट्रॉली को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन मंगवाई गई। इसे ट्रैक्टर से जोड़कर खींचते ही ट्रैक्टर बीच से टूटकर दो हिस्सों में बंट गया। ट्रैक्टर को बीच से टूटा देख लोग इकट्ठा हो गए। गनीमत रही कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। ट्रैक्टर चालक इकरार ने बताया कि वह बालसमंद से तूड़ा ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर लाए थे और यूपी जा रहे थे लेकिन हादसा हो गया। इससे उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है।
मानसून में हुआ था जलभराव, होते रहते हैं हादसे
आर्यनगर से गुजर रही घग्गर ड्रेन के कारण मानसून में करीब 10 से ज्यादा गांव में बाढ़ आ गई थी। आर्यनगर में स्टेट हाईवे पर भी दो फीट तक पानी भर गया था। इसे सूखने में करीब चार माह लग गए। पूरी तरह पानी अब भी नहीं सूखा है। इससे रोड किनारे की जमीन बेहद नरम हो गई है। जैसे ही कोई लोडेड वाहन रोड से नीचे उतरता है। धंस जाता है। आर्यनगर में टूटे करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क को नहीं बनाया जा सका है। वहां अभी भी गड्ढे हैं और धूल उड़ने से भी परेशानी हो रही है।